हरियाणा की औद्योगिक नगरी पानीपत के काबड़ी रोड स्थित शक्ति नगर में बुधवार सुबह एक वेस्ट कपड़े (वेस्टेज) के गोदाम में भयंकर आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई इस आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। रिहायशी इलाका होने के कारण आसपास के मकानों पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे। आगजनि की तुरंत सूचना कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद मौके पर आग को बुझाने का काम शुरू किया गया। शॉर्ट सर्किट बना हादसे का कारण बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह गोदाम के भीतर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारियों ने सूखे कपड़ों के ढेर को पकड़ लिया। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। रिहायशी क्षेत्र में गोदाम होने की वजह से लपटें पास के घरों तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। पुलिस ने खाली कराए आसपास के मकान घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर और किसी भी जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस ने गोदाम के सटे हुए घरों को तुरंत खाली करवाया। भारी भीड़ को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी गई ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए। संकरी गलियों ने बढ़ाई फायर ब्रिगेड की चुनौती आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर तैनात हैं। हालांकि, शक्ति नगर की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को गोदाम तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। रिहायशी इलाके में इस तरह के अवैध या बिना एनओसी (NOC) के चल रहे गोदामों को लेकर भी स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है। राहत कार्य जारी ताजा जानकारी मिलने तक, फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों का माल जलकर राख हो चुका है।
पानीपत में कपड़ा गोदाम में भीषण आग:संकरी गलियों में फंसी फायर ब्रिगेड गाड़ी; आसपास के घरों में आई दरारें
