5 कारणों से हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन होल्ड:65 से 70 आयु वर्ग वाले 70 हजार लोग; CM ने 3 सीनियर अधिकारी तलब किए

Spread the love

हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन कटने को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है। समाज कल्याण विभाग में पेंशन का काम देखने वाले सेवा सेक्शन ने 65 से 70 साल के आयु वर्ग के बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन होल्ड की है। ऐसे बुजुर्गों की संख्या लगभग 70 हजार है। सूत्रों के मुताबिक, पेंशन रोकने के मुख्य कारण कुछ बुजुर्गों के खाते डाकघर में होना, इनकम टैक्स विभाग से संदिग्ध खातों की जानकारी मिलना, पेंशन लेने वालों में कुछ के परिवार में कार होना, और कुछ पेंशन धारकों के नाम पर 20 एकड़ तक कृषि भूमि होना। इसके अलावा, कुछ मामलों में रिकॉर्ड में आयु 60 साल से कम पाई गई है। अधिकारी ऐसे लोगों के डॉक्यूमेंट्स की जांच कर रहे हैं। अगर कोई कमी नहीं मिलती है तो पेंशन एरियर के साथ रिलीज कर दी जाएगी। उधर, पेंशन को लेकर मचे बवाल के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक आज इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में सेवा विभाग के 3 सीनियर अधिकारियों को तलब किया गया है। इस बैठक में पेंशन से जुड़े 11 अन्य अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। अब जानिए पेंशन होल्ड करने की वजहें… 1. डाकघर के खातों को बैंक में कनवर्ट: हरियाणा में जिन 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन रोकी गई है, उसकी पहली वजह सेवा विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने यह बताई है कि सरकार पेंशन सीधे बैंक खातों में भेजती है, लेकिन कुछ बुजुर्गों के खाते डाकघर में चल रहे हैं, जिसके कारण कुछ तकनीकी दिक्कत आ रही है। इसलिए, अब इन खातों को बैंक में कनवर्ट किया जा रहा है। 2. इनकट टैक्स डिपार्टमेंट से मिला इनपुट: सेवा विभाग के सूत्रों का कहना है कि प्रदेश के आयकर विभाग से कुछ संदिग्ध खातों की जानकारी भेजी गई है। इन संदिग्ध खातों में वे खाते शामिल हैं जिनमें रिटायर्ड फौजी, प्रिंसिपल या अन्य ऐसे ही लोग हैं। इन लोगों की पत्नियां भी इस बुढ़ापा पेंशन का लाभ ले रही हैं। यह जानकारी मिलने के बाद विभाग की ओर से ऐसे खातों की वेरिफिकेशन शुरू की गई है। 3. कार वाले भी ले रहे पेंशन: पेंशन रोकने का तीसरा कारण विभाग के सूत्रों ने यह बताया है कि पेंशन लेने वाले कुछ ऐसे भी लोग हैं जिनके परिवार में मोटर-कार भी है। परिवार पहचान पत्र में भी उन्होंने यह जानकारी छिपाई है। यह जानकारी मिलने के बाद सेवा विभाग की ओर से पेंशन रोक दी गई है। 4. मेरी फसल मेरा ब्योरा का इनपुट: सबसे अहम बात यह है कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर कुछ ऐसे पेंशन धारक भी चिह्नित हुए हैं जिनके नाम पर 20-20 एकड़ तक कृषि भूमि रजिस्टर्ड है। इसके अलावा, ये पेंशन धारक केंद्रीय योजनाओं के तहत किसानों को दिए जाने वाले आर्थिक लाभ भी ले रहे हैं। 5. 60 साल से कम मिली है आयु: विभाग के सामने यह भी आया है कि कुछ बुजुर्गों के रिकॉर्ड में 60 साल से कम आयु पाई गई है। इसका कारण यह है कि ये 15 साल पुराने पेंशनर हैं, जिनकी आयु मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर निर्धारित की गई थी। उन लोगों से बातचीत जिनकी पेंशन नहीं आ रही… करनाल के रविंद्र की नवंबर 2025 से पेंशन बंद करनाल के रविंद्र मरवाहा ने बताया कि उनकी उम्र 70 साल है। जब वे 60 साल के थे, तब पेंशन बन गई थी। करीब डेढ़ साल पहले पेंशन 7 महीने के लिए बंद हो गई थी, लेकिन बाद में फिर से शुरू हो गई। अब नवंबर 2025 से पेंशन बंद है। वे समाज कल्याण विभाग, करनाल के दफ्तर में पहुंचे, जहाँ उन्हें पता चला कि उनकी पेंशन काट दी गई है। इसके बाद उन्होंने अपनी फैमिली आईडी ऑनलाइन निकाली, तो उसमें उनकी पत्नी के नाम कई वाहन दर्ज मिले। अश्विनी बोले- पिछले महीने पेंशन कटी फतेहाबाद जिले के टोहाना में वार्ड नंबर 17 के रहने वाले अश्विनी कुमार ने कहा कि उनकी पेंशन एक साल से सही आ रही थी। पिछले महीने उनकी पेंशन कट गई। उनकी उम्र 65 साल है और पेंशन से ही उनकी दवाई और खर्चा चलता है। जब वे समाज कल्याण विभाग के दफ्तर गए, तो उन्होंने बताया कि उनकी फैमिली आईडी में इनकम ज्यादा है, इसलिए पेंशन काटी गई है। CM सैनी बोले- विपक्ष भ्रम फैला रहा 10 फरवरी को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष भ्रम फैला रहा है कि प्रदेश के 2 लाख लोगों की पेंशन काटी है। दो लाख मामलों में से लगभग 1 लाख 3 तीन हजार ऐसे लाभार्थी हैं, जिनकी मृत्यु के उपरांत पेंशन बंद हुई। अक्टूबर 2024 से रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया पोर्टल में किसी तकनीकी समस्या के कारण प्रदेश सरकार को हरियाणा में मृत हुए व्यक्तियों का डेटा नहीं मिला था। यह डेटा नवंबर, 2025 में प्राप्त होने के बाद एकमुश्त में ऐसे मृतकों की पेंशन कटी है। अब जानिए पेंशन को लेकर विपक्ष का क्या दावा… INLD: इंडियन नेशनल लोकदल के मुखिया अभय सिंह चौटाला ये दावा कर रहे हैं कि सरकार लगातार बुढ़ापा पेंशन काट रही है। वह इसका विरोध कर रहे हैं, इसके लिए वह 20 फरवरी को सड़कों पर उतरेंगे। उनके लिए बुजुर्गों की पेंशन जरूरी है, चुनाव नहीं। पहले यह लड़ाई लड़ेंगे फिर कुछ और सोचेंगे। कांग्रेस: रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने भी पेंशन काटे जाने का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इसका जमकर विरोध करेगी। युवा कांग्रेस 17 फरवरी को पंचकूला में इसके विरोध में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेगी। जजपा: जननायक जनता पार्टी के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि बुढ़ापा पेंशन पर लगातार झूठ बोलने की बजाय बीजेपी सरकार अपनी मंशा स्पष्ट करे कि वह पुरानी योजना पर प्रहार करके उसे समाप्त करने की साजिश क्यों कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह किसी भी बुजुर्ग की पेंशन न रोके और योजना से वंचित किए गए बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन को तुरंत बहाल करे। पेंशन बनाने की पहले और अब की प्रक्रिया पढ़िए… वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन बनाने के लिए एक कमेटी गठित की जाती थी, जिसमें एक डॉक्टर, जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और गांव का सरपंच शामिल होते थे। यह कमेटी ही बुजुर्ग व्यक्ति की आयु का निर्धारण करती थी। 2014 के बाद जब प्रदेश में बीजेपी की सरकार आई, तो बुढ़ापा पेंशन के लिए आयु का निर्धारण जन्म प्रमाण पत्र, वोटर कार्ड और मेडिकल प्रमाण पत्र को आधार मानकर किया जाने लगा। इसके बाद 10वीं कक्षा के प्रमाण पत्र और 1991 से पहले के पांच साल पुराने वोटर कार्ड को भी आयु प्रमाण पत्र का आधार माना जाने लगा। उसी आधार पर लोगों को बुढ़ापा पेंशन मिलने लगी। अप्रैल 2023 से तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में वृद्धावस्था पेंशन बनाने के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP) को आधार माना जाने लगा और सभी पेंशन इसी के आधार पर बनाई जा रही हैं। अभी हरियाणा में जो भी व्यक्ति 60 वर्ष की आयु पूरी करता है और उसकी आय 3 लाख से कम है, उसे समाज कल्याण विभाग के सेवा विभाग की ओर से एक संदेश भेजा जाता है, जिसमें सरकार के द्वारा यह पूछा जाता है कि क्या आप बुढ़ापा पेंशन के पात्र हैं और क्या आप पेंशन लेना चाहते हैं। इसके अलावा, यदि किसी बुजुर्ग की पेंशन काटी जाती है, तो उसे संदेश भेजकर नोटिस भेजा जाता है कि आपके दस्तावेजों में कुछ कमी पाई गई है, इसलिए आपके कागज़ों को वेरिफिकेशन के लिए भेजा गया है, इस कारण से आपकी पेंशन रोकी या काटी जा रही है।