पानीपत में पति ने किया पत्नी का मर्डर:मायके में आई थी पत्नी, टीवी की आवाज तेज की, चुन्नी से गला घोंटा

Spread the love

पानीपत के मतलौड़ा थाना अंतर्गत गांव लोहारी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है, जो चार बच्चों की मां थी। जानकारी के अनुसार, लोहारी निवासी रणधीर सिंह की बेटी पूजा की शादी पानीपत के किवाना गांव निवासी कपिल से हुई थी। पूजा के तीन बेटे और एक बेटी सहित चार बच्चे हैं। वह 8 फरवरी को अपने बच्चों को ससुराल छोड़कर मायके लोहारी आई थी। 9 फरवरी को उसका पति कपिल उसे लेने लोहारी पहुंचा। शाम को कपिल ने शराब पी और अपनी पत्नी, सास और ससुर के साथ झगड़ा किया। रात में वह वहीं सो गया। बस अड्डे से वापस लौटा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कपिल ने अपने सास-ससुर से कहा कि वह जा रहा है। जिसके बाद सास खेतों में और ससुर मजदूरी पर चले गए। उनके जाने के बाद कपिल बस अड्डे तक जाकर वापस घर लौट आया। उसने अकेली पूजा के साथ फिर कहासुनी की और टीवी की आवाज तेज करके चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। दोपहर करीब 12 बजे जब पूजा की मां घर लौटीं, तो उन्होंने बेटी का शव देखा और दंग रह गईं। सूचना मिलने पर इसराना थाना इंस्पेक्टर महिपाल टीम के साथ और डीएसपी आत्माराम के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।