फतेहाबाद जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक कार पेड़ से टकरा गई, जबकि दूसरे का बाइक फिसल गया। पुलिस ने दोनों के शवों का सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान चलाता था पहले मामले के अनुसार, गांव अजीत नगर के सरवन सिंह (26) गांव नागपुर में हिंद डेंटिंग पेंटिंग के नाम से अपनी दुकान चलाता था। सोमवार रात वह दुकान बंद करने के बाद कार से अपने गांव अजीत नगर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरवन सिंह को गंभीर चोटें आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सरवन सिंह की शादी करीब एक साल पहले नरेलखेड़ा में हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। राजेंद्र ने इलाज के दौरान तोड़ा दम वहीं दूसरी घटना फतेहाबाद शहर के रतिया रोड की है। यहां हनुमान मंदिर के पास बाइक का संतुलन बिगड़ने से हुए हादसे में गांव जोधकां के राजेंद्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजेंद्र किसी काम से बाइक पर फतेहाबाद आया था। रास्ते में अचानक बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों हादसों की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
फतेहाबाद में अलग-अलग हादसों में दो युवाओं की मौत:एक की पेड़ से टकराई कार, दूसरे की फिसली बाइक; पत्नी गर्भवती
