देशभर में मिला-जुला मौसम देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्म-कश्मीर-लद्दाख में पारा 0°C से कम रहा। हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे अगले 24 घंटे के दौरान अधिक ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश में आज से तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य में बिजनौर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में कोहरे का असर लगभग खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को तेज सर्दी रहेगी। इस दौरान ग्वालियर-चंबल के साथ रीवा और शहडोल संभाग के शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहेगा। इससे पहले बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहा। राजस्थान के कुछ इलाकों में सर्दी अब भी कम नहीं हो रही। सोमवार की सुबह अलवर में फसलों पर ओस की बूंदे जम गईं। सुबह-सुबह हल्का कोहरा रहा और बादल छाए। यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। बिहार के 5 जिलों समस्तीपुर, गोपालगंज, सुपौल, बगहा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में सोमवार को घना कोहरा रहा। यहां जीरो विजिबिलिटी है। लोगों को गाड़ी की लाइट चालू कर के चलना पड़ रहा है। वहीं दरभंगा के NH-527 B पर लो विजिबिलिटी के कारण ट्रक और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई, जिसमें 2 लोग घायल हो गए। मौसम की तस्वीरें… अगले दो दिन का मौसम… 11 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में 11 फरवरी से अगले तीन दिन तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में सुबह मध्यम कोहरा रहेगा। 12 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव कमजोर पड़ना शुरू होगा। ऊपरी इलाकों में अभी भी हल्की बर्फबारी या बारिश संभव है, मैदानी इलाकों में कोहरा और कम रहेगा।
उत्तराखंड के 7 शहरों में पारा -10°C से नीचे:हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, यूपी में तापमान 3°C तक बढ़ेगा
