यमुनानगर जिले के गांव मानकपुर में एक राशन डिपो पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वहां राशन वितरण के लिए दो अलग-अलग पॉस मशीन मिलने का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए डिपो संचालन पर सवाल उठाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और मशीनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने तुरंत इस बारे खाद्य आपूर्ति विभाग को सूचित किया। वहीं फिलहाल डिपो को बंद कर दिया गया है। डिपो किसी और का, राशन कोई और दे रहा ग्रामीण राजीव ने आरोप लगाया कि डिपो गलत तरीके से चलाया जा रहा है। यहां दो पॉस मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है, जिनमें एक बृजलाल और दूसरी जय नारायण के नाम से दर्ज है। उनका कहना है कि जब से यहां राशन वितरण शुरू हुआ है, तब से जय नारायण कभी मौके पर दिखाई नहीं दिए और गांव में किसी को यह तक नहीं पता कि वह कौन हैं। आरोप यह भी है कि डिपो किसी और के नाम पर है, जबकि राशन वितरण कोई अन्य व्यक्ति कर रहा है। डिपो में जो मशीनें मिली हैं, ये ताहरपुर और धारपुर गांव के डिपो की हैं, जोकि यहां से काफी दूर पड़ते हैं। ऐसे में इन मशीनों का यहां इस्तेमाल किया जाना खाद्य आपूर्ति विभाग पर कई सवाल खड़े करता है। सीएम विंडो पर दी थी शिकायत राजीव ने बताया कि इस संबंध में सितंबर 2025 में मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, जिसमें संबंधित लोगों के नाम लिखे गए थे। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में कुछ आढ़तियों की संलिप्तता भी हो सकती है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डिपो को बंद कर ताला लगा दिया। मौके पर डिपो होल्डर जयनारायण के भाई सुरेंद्र ने बताया कि राशन वितरण डिपो होल्डर का बेटा करता है। हर माह लोगों को राशन मिल रहा है। पुलिस ने डिपो कराया बंद सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां दो पॉस मशीनें पाई गई। डिपो को बंद कर खाद्य आपूर्ति विभाग को सूचित कर दिया गया है। विभाग की ओर से मिलने वाले निर्देशों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यमुनानगर में राशन डिपो पर हंगामा:दो पॉस मशीन मिली, ग्रामीणों ने संचालन पर उठाए सवाल; पुलिस और अधिकारी पहुंचे
