कुरुक्षेत्र में गोतस्करों-पुलिस के बीच फायरिंग:कैंटर में ले जा रहे थे गोवंश; CIA गाड़ी को टक्कर मारने का प्रयास, अंधेरे में फरार

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बेसहारा गाय-बैल लादकर ले जा रहे कैंटर को रोकने गई सीआईए की टीम पर गोतस्करों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी टायर पंचर करने के मकसद से जवाबी फायरिंग की, लेकिन कैंटर तेज रफ्तार से भाग निकला। आरोपी कैंटर ड्राइवर ने बचने के लिए पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11:30-12 बजे कंट्रोल रूम कुरुक्षेत्र से सूचना मिली कि शाहाबाद अनाज मंडी से कुछ लोग कैंटर में बेसहारा गाय-बैल भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-1 की टीम हरकत में आ गई। PSI राहुल कुमार, SI शरणजीत सिंह, ASI नरेश और ड्राइवर EASI ईश्वर सिंह सरकारी गाड़ी लेकर बाबैन-सुनारिया रोड पर गश्त करने लगे। कैंटर को रोकने की कोशिश गांव सुनारिया से थोड़ा आगे पहुंचे तो सामने से एक कैंटर आता दिखा। पुलिस टीम ने डिपर मारकर कैंटर को रुकने का इशारा किया। लेकिन ड्राइवर ने कैंटर रोकने की बजाए तेज रफ्तार से पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को दूसरी तरफ करके बचाया। पीछा करने पर फायरिंग की गोतस्कर भागे तो पुलिस ने अपनी गाड़ी को उनके पीछे लगा लिया। कैंटर का पिछला ढाला खुला था, जिसके अंदर गाय-बैल भरे हुए थे। ढाला नीचे होने की वजह से कैंटर का नंबर नहीं दिख रहा था। पुलिस टीम ने दोबारा सायरन बजाया, डिपर मारे और आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन कैंटर चालक ने साइड नहीं दी। पुलिस ने पीछा नहीं छोड़ा तो कैंटर के पीछे खड़े 2 तस्कर में से एक ने पिस्तौल/देसी कट्टा से पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। तस्करों ने पुलिस टीम पर 2-3 गोलियां चलाई। गोलियां गाड़ी के पास से निकल गईं। इस पर पुलिस टीम की ओर से SI शरणजीत सिंह ने कैंटर के टायर की तरफ दो फायर किए। महुआखेड़ी की तरफ भागे तस्कर बाद में ड्राइवर ने कैंटर को संधौर से महुआखेड़ी गांव की तरफ भगा लिया। उसके बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने मे कामयाब रहे। कैंटर में ड्राइवर समेत 3 लोग सवार थे। फिलहाल पुलिस ने बाबैन पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ ARMS एक्ट, हरियाणा गो संरक्षण एक्ट, 109(1), 3(5) समेत विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।