शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने रविवार को सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को लाठी भांजी। ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह बघेल ने बताया कि कलेक्टर अपने वाहन से नीचे उतरे और विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिद समेत अन्य नेताओं को खुद लाठी से मारना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि एक जिले के जिम्मेदार अधिकारी का इस तरह सड़क पर उतरकर कार्यकर्ताओं को पीटना निंदनीय है। यह यह आवाज दबाने की कोशिश है, कांग्रेस इस कृत्य के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। धनपुरी पहुंचे थे सीएम बता दें कि, सीएम डॉक्टर मोहन यादव रविवार दोपहर को शहडोल के धनपुरी नगर पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने नपा की ओर से निर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण किया। सीएम ने 767 करोड़ रुपए लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। अपने उद्बोधन के दौरान सीएम ने कहा कि जब भी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की जयकार करते हैं, कांग्रेस की छाती में सांप लोटने लगता है। उन्होंने कहा कि हम भगवान राम और कृष्ण की जय-जयकार करेंगे, जबकि कांग्रेस रावण की जय करेगी। कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं को मारी लाठी पूरी घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धनपुरी के वार्ड नंबर 2 में एक वाटर पार्क का लोकार्पण कर लौट रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस वाटर पार्क को विवादित बताते हुए और उसमें कई कमियां होने का आरोप लगाते हुए सीएम को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। जैसे ही सीएम का काफिला प्रदर्शनकारियों के पास पहुंचा और गाड़ियों की रफ्तार धीमी हुई, तभी कलेक्टर डॉ. केदार सिंह खुद मैदान में उतर आए। कांग्रेस का दावा है कि वहां एसपी और अन्य आला अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्टर ने यूथ कांग्रेस के जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिद और अन्य कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाईं। 37 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया सुबह से ही सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट पर था। कांग्रेस ने सुबह भी विरोध की कोशिश की थी, तब पुलिस ने नेताओं को सांकेतिक रूप से गिरफ्तार कर थाने में बैठा लिया था। हालांकि, लोकार्पण के बाद प्रदर्शन उग्र हो गया। बुढार पुलिस ने इस मामले में कुल 37 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया था। खबर है कि इनमें से अधिकांश को जमानत मिल गई है, लेकिन शेख साजिद समेत तीन अन्य नेता अब भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। कांग्रेसी बोले- यह आवाज दबाने की कोशिश इस घटना को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि एक जिले के जिम्मेदार अधिकारी का इस तरह सड़क पर उतरकर कार्यकर्ताओं को पीटना निंदनीय है और कांग्रेस इस कृत्य के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। दूसरी ओर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने सवाल उठाया है कि जिस वाटर पार्क का लोकार्पण किया गया, उसकी खामियों को उजागर करने पर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है माता शबरी की भक्ति ने समाज को संदेश दिया इससे पहले कार्यक्रम के दौरान सीएम ने माता शबरी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने मतंग मुनि के आश्रम के बाहर तपस्या की, जिसका फल उन्हें मिला और स्वयं भगवान राम उनके यहां पहुंचे। भगवान ने शबरी के झूठे बेर खाकर उनकी तुलना माता कौशल्या से की, जो समाज में जातिवाद की सोच रखने वालों के लिए बड़ा संदेश है। मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों के हित को देखते हुए अमेरिका से व्यापार को लेकर निर्णय लिया गया। भले ही निर्णय में देरी हुई हो, लेकिन इससे दुनिया में भारत का नाम, सम्मान और आर्थिक ताकत बढ़ी है। विधायक बोले- इधर मेरा भी ध्यान रखिए कार्यक्रम के दौरान जब क्षेत्रीय विधायक जयसिंह मरावी का उद्बोधन शुरू हुआ, मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव और राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल आपस में चर्चा कर रहे थे। इस पर विधायक मरावी ने अपनी मांगों की सूची लेकर मजाकिया अंदाज में कहा, “इधर मेरा भी ध्यान रखिए।” सुनते ही मुख्यमंत्री मुस्कुराए। बाद में जब विधायक क्षेत्रीय मांगें रख रहे थे और कोई हंसने लगा, तो मंच पर नाराज विधायक ने कहा, “मैं निवेदन कर रहा हूं और आप हंस रहे हैं।” सांसद बोलीं- मैं आपकी छोटी बहन, मुझे निराश नहीं करेंगे शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की छोटी बहन हूं, मुझे पूरा विश्वास है कि सीएम मेरे संसदीय क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी द्वारा रखी मांग को पूरा करेंगे। देश, प्रदेश और स्थानीय निकाय में भाजपा की सरकार है इसी कारण क्षेत्र में विकास हो रहा है। सिंचाई परियोजना से 122 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा उद्बोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। जैतपुर को नगर पंचायत बनाने, मेडिकल कॉलेज में पीजी कक्षाएं शुरू करने, शहडोल और जैतपुर में कॉलेज भवन, 2300 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना से 122 गांवों को लाभ, बुढार में गीता भवन निर्माण सहित सड़कों और अन्य विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही एसईसीएल से जुड़े हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र देने की भी बात कही। 20 करोड़ के आधुनिक वाटर पार्क का लोकार्पण किया सीएम के प्रवास के दौरान जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। धनपुरी नगरपालिका की ओर से 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वाटर पार्क का मुख्यमंत्री लोकार्पण किया। इस वाटर पार्क में क्लब हाउस, स्विमिंग पूल सहित बच्चों और युवाओं के मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्विमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मानकों के अनुसार किया गया है। माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण किया जयसिंहनगर जनपद क्षेत्र के सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में मुख्यमंत्री माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण किया। यह स्थल श्रीराम वनगमन पथ से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने दंडकारण्य में प्रवेश से पूर्व गंधिया में विश्राम किया था। यहां माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है। मुख्यमंत्री गंधिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कुल 767 करोड़ रुपए की लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपए के 82 कार्यों का लोकार्पण और 134 करोड़ रुपए के 60 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
शहडोल कलेक्टर ने कांग्रेसियों को मारी लाठी:सीएम को काले झंडे दिखा रहे 37 नेता हिरासत में; कांग्रेसी बोले- यह आवाज दबाने की कोशिश
