गुरुग्राम पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए इंदिरा कॉलोनी, बादशाहपुर में एक महिला से रेप की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और तुरंत शिकायतकर्ता महिला से संपर्क किया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं थाने आकर शिकायत दर्ज कराएगी। इसके बाद वैष्णव नामक महिला, जो सुंडियाना, जिला अलवर (राजस्थान) की निवासी है, पुलिस थाने पहुंची और अपने बयान दर्ज कराए। महिला ने बताया कि वह इंदिरा कॉलोनी, बादशाहपुर में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहती है।कुछ दिन पहले मकान मालिक के एक रिश्तेदार ने उससे मकान का किराया मांगा था, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। झगड़े के बाद पुलिस को दी झूठी सूचना इसी विवाद के चलते महिला ने गुस्से में आकर पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-1091 पर बलात्कार की झूठी सूचना दे दी।पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला द्वारा दी गई सूचना तथ्यहीन और भ्रामक थी। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस ने दर्ज किया महिला पर केस जानबूझकर गलत सूचना देकर पुलिस का समय बर्बाद करने और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला मानते हुए, महिला के खिलाफ धारा 217 बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।वहीं गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे पुलिस को किसी भी प्रकार की झूठी, गलत या भ्रामक सूचना न दें। पुलिस ने की लोगों से अपील ऐसी हरकतों से न केवल पुलिस की आपातकालीन सेवाओं में बाधा आती है, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिलने में भी दिक्कत होती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
झूठे रेप केस में फंसाने वाली महिला पर केस:गुरुग्राम में मकान मालिक से विवाद के बाद दी थी सूचना, अलवर की रहने वाली
