HAU छेड़छाड़ मामले में उकलाना विधायक ने उठाए सवाल:वीसी को तुरंत हटाने की मांग; बोले- ये सरकार महिला विरोधी

Spread the love

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार में छात्रा के साथ हुई शर्मनाक छेड़छाड़ की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उकलाना हलके के विधायक नरेश सेलवाल ने इसे हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की एक छात्रा द्वारा दो असिस्टेंट प्रोफेसरों पर लगाए गए गंभीर आरोपों को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया है, जो बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि सरकार ने हमेशा की तरह केवल जांच कमेटी बनाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। न तो आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है और न ही पीड़ित छात्रा को अब तक न्याय मिलता दिखाई दे रहा है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। विश्वविद्यालय बदनामी का केंद्र बन चुका उन्होंने कहा कि जिस हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने कभी देश-विदेश में अपनी शैक्षणिक प्रतिष्ठा के लिए पहचान बनाई थी, आज वही विश्वविद्यालय कुलपति और कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही व संरक्षणकारी रवैये के कारण बदनामी का केंद्र बन चुका है। विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण अब ज्ञान का केंद्र न रहकर भय, असुरक्षा और उत्पीड़न का प्रतीक बनता जा रहा है। जींद यूनिवर्सिटी का मुद्दा भी उठाया विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद (CSRU) में छात्राओं से जुड़ा गंभीर मामला सामने आए था, लेकिन आज तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा HAU में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना में भी सरकार ने केवल जांच कमेटी बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। आज छात्रा के मामले में भी वही ढुलमुल और असंवेदनशील रवैया अपनाया जा रहा है। सरकार को बताया महिला विरोध उन्होंने कहा कि यह सरकार महिला-विरोधी और शिक्षा-विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। विधायक नरेश सेलवाल ने मांग की कि HAU के कुलपति (VC) को तुरंत पद से हटाया जाए, दोषी प्रोफेसरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित छात्रा को पूर्ण सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।