शाह का माफीनामा…कर्नल सोफिया पर बयान को कहा-‘छोटी सी त्रुटि’:भ्रष्टाचार पर बोले मंत्री- थोड़ा-बहुत हर जगह होता है; भाजपा विधायक ने दी गाली

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा सरकार से योजना का लाभ, श्रेय कांग्रेस को
शिवपुरी जिले के पीछोर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अजीब वाकया सामने आया। यहां एक महिला हितग्राही ने शासन की योजना का लाभ तो लिया, लेकिन उसका श्रेय कांग्रेस को दे दिया। यह सुनकर मंच पर मौजूद भाजपा विधायक प्रीतम लोधी भी हैरान रह गए। दरअसल, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए जा रहे थे। इस दौरान भाजपा संगठन और सरकार की ओर से हितग्राहियों को माइक थमाकर योजना के लिए सरकार की सराहना कराने की कोशिश की गई। लेकिन एक महिला हितग्राही ने पूरा माहौल ही पलट दिया। घूंघट में मौजूद महिला ने मंच से कहा कि उसे यह सौगात कांग्रेस की वजह से मिल रही है। यह सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग चौंक गए। इसके बाद मंच पर खड़े एक व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह भाजपा की वजह से मिलने की बात कहे। इस पर महिला ने भाजपा की जगह भादवा पार्टी कह दिया। यह सुनते ही मंच पर मौजूद विधायक प्रीतम लोधी सिर पकड़कर रह गए। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि शायद भाजपा कार्यकर्ता महिला हितग्राही को ठीक से समझाकर नहीं लाए थे।
भ्रष्टाचार पर मंत्री करण सिंह वर्मा ने कही अजीब बात
लाड़ली बहनों का नाम काटने संबंधी बयान देकर बाद में माफी मांग चुके मंत्री करण सिंह वर्मा ने अब भ्रष्टाचार को लेकर एक अजीब बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं थोड़ा-बहुत तो हर जगह होता है। हालांकि, मंत्री ने रिश्वत लेने वालों को देशद्रोही बताया। साथ ही उन्होंने अपने ही विभाग के उन अधिकारियों का भी जिक्र किया, जिन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में सस्पेंड किया गया है। इतना ही नहीं, मंत्री ने यह भी कहा कि कई बार कलेक्टर पहले ही कह देते हैं कि अगर कोई गलती-सलती हो जाए तो देख लिया जाएगा। खरी बात यह है कि मंत्री जिस ‘थोड़ा-बहुत’ भ्रष्टाचार को स्वीकार कर रहे हैं, उसी पर सबसे ज्यादा सख्ती की जरूरत है। क्योंकि यही ‘थोड़ा-बहुत’ आगे चलकर ‘बहुत’ बन जाता है। मीडिया के सामने आए मंत्री विजय शाह, फिर माफी मांगी
भोपाल में शुक्रवार को भाजपा दफ्तर में मीडिया के कैमरे देखकर बचते नजर आए मंत्री विजय शाह शनिवार को जब सार्वजनिक रूप से सामने आए, तो वे कुछ असहज और बेचैन दिखे। कर्नल सोफिया पर दिए बयान को लेकर उन पर कार्रवाई की तलवार अब भी लटकी हुई है। मंत्री विजय शाह ने इस मामले में एक बार फिर माफी मांगी। वे लिखित माफीनामा लेकर पहुंचे थे, जिसे उन्होंने पढ़कर सुनाया। हालांकि माफी के दौरान भी वे चूक कर गए। विजय शाह ने कहा कि मैंने अंतरकरण से क्षमा याचना की है। कई बार कर चुका हूं और आज फिर कर रहा हूं। मेरी छोटी सी त्रुटि से इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया, यह मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। मंत्री के कर्नल सोफिया पर दिए बयान को लेकर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया, वहीं सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जाहिर की। बावजूद इसके, मंत्री ने अपने बयान को ‘छोटी सी त्रुटि’ करार दिया। भाजपा विधायक ने मंच से कहे अपशब्द, बाद में दी सफाई
डिंडौरी जिले के शहपुरा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंच से अपशब्द का इस्तेमाल किया। वे भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां ग्रामीणों ने उनसे अधूरे पड़े स्कूल भवन को लेकर शिकायत की। ग्रामीणों की बात सुनते ही विधायक ओमप्रकाश धुर्वे भावनाओं में बह गए और उनके मुंह से आपत्तिजनक शब्द निकल गया। उन्होंने कहा कि वे गांवों में विकास कार्यों के लिए लगातार मेहनत करते हैं, योजनाएं लेकर आते हैं, लेकिन कुछ लोग “मक्कारी” कर रहे हैं। हालांकि बाद में सफाई देते हुए विधायक ने कहा कि उन्होंने किसी अधिकारी के लिए अपशब्द का इस्तेमाल नहीं किया। इस पूरे मामले को लेकर अब लोग तंज कस रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा में यह चल क्या रहा है, पहले विधायक और मंत्री बयान देकर विवाद खड़ा करते हैं, फिर सफाई देते हैं और खेद जताकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। इनपुट सहयोग – बृजेंद्र मिश्रा (भोपाल), कपिल मिश्रा (शिवपुरी), मनीष सोनी (राजगढ़), अभिमन्यु सिंह (डिंडौरी) ये भी पढ़ें –
मोदी ने की दिग्विजय की बेइज्जती, बोले-ये दिन देखना थे: लाड़ली बहनों को धमकाने वाले मंत्री ने माफी मांगी संसद में बजट पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दिग्विजय सिंह के भाषण पर चुटकी ली। उन्होंने बिना नाम लिए कहा- मैं कल एक माननीय सदस्य को सुन रहा था। वो अपने आप को राजा कहलाने में बहुत गर्व करते हैं, लेकिन वही आर्थिक असमानता की चर्चा कर रहे थे।, जो खुद को राजा माने और वो आर्थिक असमानता की बात करे, क्या यही दिन देखना बाकी रह गए थे? पूरी खबर पढ़ें