हिसार जिले के रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उम्मीद विहार कॉलोनी के विजय के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा होटल के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। जानकारी के अनुसार, विजय पिछले पांच-छह दिनों से होटल में रुका हुआ था। शुक्रवार को जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल के सफाई कर्मी ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। एचटीएम थाना पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला शव सूचना मिलते ही एचटीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां विजय का शव फर्श पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस होटल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हिसार के होटल में जोमेटो बॉय का मिला शव:पिछले 5 दिनों से ठहरा हुआ था, सफाई कर्मी के खटखटाने पर नहीं खोला दरवाजा
