बॉलीवुड सिंगर सलमान अली पहुंचे फरीदाबाद:सूरजकुंड मेला में दी प्रस्तुति, दबंग-3 और सुल्तान मूवी के गानों पर झूमे दर्शक

Spread the love

फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प आत्मनिर्भर मेले का छठा दिन गुरुवार को संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। मेले की चौपाल पर मशहूर गायक सलमान अली ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सलमान अली के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग उन्हें देखने और सुनने के लिए पहले से ही चौपाल पर पहुंच गए, जिससे पूरा परिसर दर्शकों से खचाखच भर गया।
पर्यटक गानों पर जमकर झूमे जैसे ही सलमान अली मंच पर पहुंचे, तालियों और शोर के साथ दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। खास बात यह रही कि सलमान अली माइक हाथ में लिए गाना गाते हुए ही स्टेज पर आए, जिससे माहौल पूरी तरह जोश और उत्साह से भर गया। अपनी दमदार आवाज और बेहतरीन गायकी से उन्होंने शुरुआत से ही दर्शकों को बांधे रखा। दबंग-3 और सुल्तान फिल्म के गाने सुनाए कार्यक्रम के दौरान सलमान अली ने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों दबंग-3 और सुल्तान के लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति दी, जिन पर दर्शक झूमते नजर आए। इसके अलावा उन्होंने सूफी गीत भी गाए, जिसने पूरे माहौल को संगीतमय और भावुक बना दिया। चौपाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजती रही और बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते दिखाई दिए। मेले में मुख्य चौपाल पर कार्यक्रम सलमान अली की शानदार प्रस्तुति ने सूरजकुंड मेले की इस शाम को खास बना दिया। दर्शकों ने हर गीत पर जमकर तालियां बजाईं और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया। उनकी गायकी ने मेले में मौजूद हर शख्स के दिल को छू लिया और यह संगीत भरी शाम लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी। नूंह के रहने वाले सलमान अली सलमान अली हरियाणा के नूंह जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने देशभर में पहचान लोकप्रिय टीवी रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-10 के दूसरे नंबर विजेता के रूप में बनाई। अपनी दमदार और भावपूर्ण आवाज के लिए पहचाने जाने वाले सलमान अली ने बॉलीवुड के कई बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। फिल्मी गानों के साथ-साथ सूफी और शास्त्रीय संगीत में भी उनकी खास पकड़ मानी जाती है। आज सलमान अली देश के चर्चित युवा गायकों में शुमार हैं और उनकी प्रस्तुतियां हर मंच पर खास आकर्षण का केंद्र रहती हैं।