हरियाणा के पानीपत शहर का पॉश इलाका सेक्टर 24 (वार्ड 14) इन दिनों दहशत के साए में है। यहां आवारा कुत्तों या बंदरों का नहीं, बल्कि बेलगाम घोड़ों का कहर देखने को मिल रहा है। पिछले एक हफ्ते में इन हिंसक घोड़ों ने 10 से ज्यादा लोगों पर जानलेवा हमला किया है, जिससे इलाके के लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। घायलों में से कुछ की स्थिति इतनी गंभीर है कि उन्हें दिल्ली के बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ा है। क्षेत्र में लगातार घोड़ों का शिकार हो रहे स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और जिम्मेदार प्रशासन के खिलाफ जमकर हल्ला बोला है। लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस तक को दी है। इतना हिंसक हमला कि हड्डियां तक चबा डालीं स्थानीय निवासियों के अनुसार, ये घोड़े इतने आक्रामक हो चुके हैं कि सामने आने वाले व्यक्ति पर सीधा हमला कर रहे हैं। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घोड़ों ने लोगों के हाथ-पैर जबड़े में पकड़कर उनकी हड्डियां तक तोड़ दी हैं। एक व्यक्ति पर हमला कर घोड़े ने उसकी छाती (सीना) तक को दांतों से काट खाया। घायलों में से 3 लोगों की हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें ICU में भर्ती करना पड़ा और डॉक्टरों को उनके जटिल ऑपरेशन करने पड़े। ये लोग अब लंबे समय के लिए बेड रेस्ट पर हैं। घायलों की सूची और गंभीर हालत गिरिधर: हमले में बुरी तरह घायल हुए गिरिधर की हालत नाजुक बनी हुई है, उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशांत शर्मा और कपिल: ये दोनों भी घोड़ों के हमले का शिकार हुए हैं और गंभीर रूप से चोटिल हैं। इनके अलावा कई अन्य स्थानीय निवासी भी इन सात दिनों में घोड़ों के जबड़े का शिकार बन चुके हैं। नगर निगम पर लापरवाही का आरोप सेक्टर के निवासियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे बार-बार नगर निगम को सूचित कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने बताया कि घोड़ों के खौफ के कारण बच्चों का घर से बाहर निकलना और पार्क में खेलना पूरी तरह बंद हो गया है। सड़कों पर हमेशा घोड़ें देखते ही लोगों में तुरंत छिपने की दौड़ लग जाती है। स्थानीय प्रधान का बयान हम कुत्तों और बंदरों से परेशान थे, लेकिन अब घोड़ों ने लोगों की हड्डियां चबाना शुरू कर दिया है। अगर नगर निगम ने जल्द इन घोड़ों को नहीं पकड़ा और इनके मालिकों पर केस दर्ज नहीं किया, तो सेक्टर वासी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।- कमल, प्रधान सेक्टर 24 झुग्गी मालिकों पर कार्रवाई की मांग लोगों ने बताया कि ये घोड़े पास की झुग्गियों में रहने वाले लोगों के हैं, जो इन्हें खुला छोड़ देते हैं। गुस्साए सेक्टर वासियों ने मांग की है कि नगर निगम तुरंत इन घोड़ों को पकड़कर शहर से बाहर करे। घोड़ों के मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की जाए। घायलों को मुआवजा दिलाया जाए। इन लोगों ने जताया विरोध सेक्टर 24 के प्रधान कमल, रामेश्वर शर्मा फौजी, इश्वर गोयल, शिवचरण जिंदल, महेंद्र फुलिया, दीनानाथ बंसल, और गुलाब कौशिक पुजारी ने प्रशासन को चेतावनी दी है। वहीं महिलाओं में गौरी, सुनीता, योगिता, आशा और सुमन शर्मा ने बताया कि घोड़ों के खौफ के कारण बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। राहगीरों को भी घोड़ें शिकार बना रहे हैं।
पानीपत में बेलगाम घोड़ों का तांडव:10 से ज्यादा घायल, दिल्ली रेफर; घरों से बाहर निकलने से डर रहे लोग
