चंडीगढ़ की सरकारी स्कूल की 9वीं की छात्रा अनन्या शर्मा पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ‘परीक्षा-पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल हुई। कड़ी चयन प्रक्रिया से गुजरकर चुनी गई अनन्या ने न सिर्फ कार्यक्रम में भाग लिया, बल्कि पीएम को अपने हाथ से बनाया हुआ हैंडबैग और बुके भी भेंट किया। पीएम ने अनन्या के गिफ्ट की तारीफ करते हुए “वेरी गुड” कहा। इस उपलब्धि से स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है। अनन्या ने कहा कि उन्हें एक पल के लिए भी यह एहसास नहीं हुआ कि वह किसी अनजान जगह या अनजान व्यक्ति के बीच हैं। दो इंटरव्यू के बाद हुआ चयन अनन्या शर्मा मोहाली के जीरकपुर की रहने वालीं हैं और चंडीगढ़ के सेक्टर-20 डी स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी में पढ़ती हैं। अनन्या ने बताया कि परीक्षा-पे चर्चा के लिए उनका चयन कई चरणों की प्रक्रिया के बाद हुआ। उनके दो इंटरव्यू हुए। पहला इंटरव्यू 17 जनवरी को, जबकि दूसरा इंटरव्यू 19 जनवरी को लिया गया। इसके बाद वह ट्रेन से दिल्ली पहुंचीं और प्रधानमंत्री आवास (पीएमओ हाउस) गईं। वहां देश के अलग-अलग राज्यों से चुने गए छात्र मौजूद थे। अनन्या 24 जनवरी को वापस लौटीं। शुक्रवार (6 फरवरी) को सेक्टर 20 डी के स्कूल में परीक्षा-पे चर्चा का प्रोग्राम दिखाया जाएगा। मंजिल को कभी नहीं भूलना चाहिए अनन्या ने बताया कि दिल्ली में सभी बच्चों ने खूब एंजॉय किया और नया अनुभव मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बिताए गए पलों को खास बताते हुए कहा कि जब सभी बच्चे साथ में खाना खा रहे थे, तभी प्रधानमंत्री अचानक वहां पहुंच गए। प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उन्हें क्या अच्छा लगता है। अनन्या ने जवाब दिया कि उन्हें डांस करना पसंद है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि हॉबी को कभी नहीं छोड़ना चाहिए और अपनी मंजिल को कभी नहीं भूलना चाहिए, तभी इंसान ऊंचाइयों तक पहुंचता है। हैंडबैग और बुके किया गिफ्ट अनन्या ने बताया कि वह प्रधानमंत्री के लिए अपने हाथ से बनाया हुआ हैंडबैग और बुके गिफ्ट के तौर पर लेकर गई थीं। जब उन्होंने यह गिफ्ट प्रधानमंत्री को दिया तो प्रधानमंत्री ने पूछा कि क्या यह खरीदा हुआ है। अनन्या ने बताया कि यह उन्होंने खुद बनाया है। इस पर प्रधानमंत्री ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, “वेरी गुड।” अनन्या ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें बिल्कुल भी अजनबीपन महसूस नहीं हुआ। उन्हें ऐसा लगा जैसे वह अपने ही घर के किसी बुज़ुर्ग, माता-पिता या करीबी इंसान के साथ खड़ी हों। एक पल के लिए भी यह एहसास नहीं हुआ कि वह किसी अनजान जगह या अनजान व्यक्ति के बीच हैं। परीक्षा-पे चर्चा कार्यक्रम में जाने का सपना था अनन्या ने बताया कि प्रधानमंत्री से परीक्षा-पे चर्चा में शामिल होना उनका काफी समय से सपना था। इसी वजह से वह प्रधानमंत्री से जुड़ी किताबें पढ़ती थीं और उनके विचारों को सुनती थीं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने असम का गमछा देकर सभी बच्चों का स्वागत भी किया। इस मौके पर अनन्या की शिक्षिका जोशना ने बताया कि परीक्षा-पे चर्चा के लिए चंडीगढ़ से करीब 1 लाख 8 हजार छात्रों के नाम प्रतियोगिता के लिए आए थे। इनमें से 10 छात्रों को इंटरव्यू के लिए चुना गया, जिनमें 6 सरकारी स्कूलों और 4 निजी स्कूलों के छात्र शामिल थे। इंटरव्यू के बाद दो छात्रों का चयन हुआ। इनमें एक अनन्या शर्मा और दूसरी सेक्टर-32 स्थित मॉडल स्कूल की छात्रा थीं। इसके बाद दोनों का अंतिम इंटरव्यू भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय में सचिव संजय जबीन द्वारा लिया गया। अंतिम चयन में अनन्या शर्मा को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लिए चुना गया।
PM की ‘परीक्षा पे चर्चा’ में दिखेगी चंडीगढ़ की अनन्या:अपने हाथ से बना हैंडबैग गिफ्ट किया, मोदी बोले- वैरी गुड; छात्रा बोली- घर के करीबी जैसे लगे
