ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में करनाल जिले के एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपनी पत्नी व दोस्त के साथ लंबे वीकेंड पर घूमने के लिए आया हुआ था। दोनों युवक एक नदी में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आ गए। बाहर खड़े लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों पानी में डूब गए। मौके पर पहुंचे इमरजेंसी टीम ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना ने परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है। नो डाइविंग बोर्ड देखकर पानी में उतरे थे यह हादसा 25 जनवरी को शाम करीब 6.45 बजे न्यू साउथ वेल्स के मिड नॉर्थ कोस्ट स्थित ग्लेनिफर इलाके में नेवर नदी में हुआ। सिडनी में रह रहे करनाल के साहिल बत्रा अपने पार्टनर और पंजाब के दोस्त सचिन खिल्लन (32) और दोस्तों के साथ लंबा वीकेंड मना रहे थे। दोनों ने नदी के किनारे लगा “नो डाइविंग” का बोर्ड देखा और यह मानकर पानी में उतरे कि जगह उथली है। उनके साथ मौजूद दोस्त सुनीता ने बताया कि दोनों जिम्मेदारी से और सावधानी के साथ सिर्फ उथले पानी में कदम रख रहे थे। पल भर में बदल गई खुशी, पानी ने बहा लिया सुनीता के मुताबिक, अचानक नदी में तेज बहाव आया और दोनों युवक संतुलन नहीं संभाल पाए। कुछ ही सेकेंड में वे बहाव के साथ गहराई की ओर चले गए, जो पल सामान्य और सुरक्षित लग रहा था, वह एक अकल्पनीय त्रासदी में बदल गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को सूचना दी गई। रेस्क्यू के बाद भी नहीं बच सकी जान आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस दौरान साहिल बत्रा की पत्नी साक्षी, जो सात महीने की गर्भवती हैं, सदमे में आ गई, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां सदमे का इलाज किया गया। घटना के वक्त सचिन की मंगेतर भी मौके पर मौजूद थी, जिनके सामने यह पूरा हादसा हुआ। 2022 में भारत से ऑस्ट्रेलिया गए थे दंपती सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक साहिल बत्रा और साक्षी 2022 में भारत से ऑस्ट्रेलिया गए थे। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, जिनमें साथ बिताए खुशनुमा पल दिखते हैं। खास बात यह है कि महज दो हफ्ते पहले ही दोनों ने बेबी शॉवर सेलिब्रेशन किया था, जिसकी तस्वीरें भी साझा की गई थी। दोनों ही बुजुर्ग माता-पिता के एकलौते बेटे थे। दोनों को बेसिक तैराकी आती थी परिवारों के मुताबिक, साहिल और सचिन को बेसिक तैराकी आती थी, लेकिन हालात बहुत तेजी से बदले। परिवारों ने कहा कि यह दुख उनके जीवन को हमेशा के लिए बदल चुका है। शवों को भारत भेजने और परिवारों की मदद के लिए गोफंडमी पेज बनाया गया है।
ऑस्ट्रेलिया की नदी में डूबने से 2 दोस्तों की मौत:मंगेतर और गर्भवती पत्नी के सामने हादसा, शव भारत लाने की कोशिश में परिवार
