कैथल में विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या:मायके से कैश लाने की मांग; परिजन का ससुराल पक्ष पर मर्डर का आरोप

Spread the love

कैथल जिले में पूंडरी क्षेत्र के गांव डुलयानी में करीब 31 वर्षीय विवाहिता की ससुरालियों ने दहेज की मांग करते हुए पीट-पीटकर हत्या कर दी। ससुरालियों द्वारा उससे दहेज में बार-बार रुपए लाने की मांग की जा रही थी। मृतक लड़की के पिता ने पुलिस को शिकायत दे उसके पति, सास, ससुर, ननंद व देवर पर उसे पीटने और हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने हत्या संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पिता ने दी शिकायत मृतका के पिता सिरटा रोड कैथल के वेद प्रकाश ने पूंडरी थाना में दी शिकायत में बताया कि करीब 10 साल पहले उसकी बेटी ज्योति की शादी गांव डूलयानी के सुरजीत के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। इस बार बीच-बीच में कई बार उनकी पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपी फिर भी नहीं हटे और लगातार उसकी बेटी से मारपीट करते थे। उससे अपने मायके से रुपए लाने की मांग की जाती थी। अब 2 फरवरी को उन्हें पता चला कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी को बुरी तरह से पीटा है। ससुर ने फोन करके बुलाया लड़की के ससुर ने फोन करके कहा कि अपनी बेटी को ले जाओ, जब वह मौके पर पहुंचे, तो पाया कि लड़की गंभीर हालात में चारपाई के सहारे पड़ी हुई थी। वे उसे लेकर कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लड़की के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पिता ने बताया कि ज्योति के दो बच्चे एक लड़की और एक लड़का है। हत्या संबंधित धाराओं के तहत केस डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास सूचना आई थी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इस संबंध में ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या संबंधी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।