यमुनानगर जिले के नए बाईपास पर सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक ट्रक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर शिनाख्त के लिए कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ट्रक के कुचलने पर मौके पर तोड़ा दम थाना सदर यमुनानगर पुलिस को शिकायतकर्ता अनिल कुमार निवासी गांव रायपुर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। वह अपने निजी कार्य से कार में सवार होकर बाईपास के रास्ते गांव कैल की ओर जा रहा था। जब वह नया बाईपास स्थित औरगाबाद पुल को पार कर रहा था, उसी दौरान उसकी आंखों के सामने एक ट्रक ड्राइवर ने अपने ट्रक को बहुत तेज रफ्तार, गफलत व लापरवाही से चलाते हुए सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक उस व्यक्ति के ऊपर से निकल गया, जिससे वह व्यक्ति बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस अनिल कुमार ने आगे बताया कि हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में राहगीर इकट्ठा हो गए, जिनमें से किसी एक ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के कपड़ों व सामान की जांच की गई, लेकिन उसके पास से कोई भी पहचान पत्र बरामद नहीं हो सका, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो पाई। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में स्पष्ट रूप से कहा कि यह दुर्घटना नाम-पता अज्ञात ट्रक ड्राइवर द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और आसपास के क्षेत्र में उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ट्रक डाइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यमुनानगर में पैदल जा रहे व्यक्ति को ट्रक ने कुचला:हादसे के बाद ड्राइवर फरार, शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस
