करनाल पहुंचे रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा:बीजेपी पर साधा निशाना, बोले- बजट में हरियाणा का नाम गायब; वादे कागजों तक सीमित

Spread the love

करनाल पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार के बजट और गुरु रविदास जयंती को जोड़ते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की जयंती के दिन संसद नहीं चलनी चाहिए थी और इसे राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था। इसके बावजूद संसद चलाई गई, जिससे भाजपा का गुरु जी के प्रति भाव सामने आता है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों में पहली बार वे संसद नहीं गए, क्योंकि आज गुरु रविदास जयंती है। बजट में हरियाणा का नाम तक नहीं
दीपेंद्र हुड्डा ने बजट को लेकर हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नाम नायब है, लेकिन केंद्र के बजट में हरियाणा का नाम गायब है। 12वें साल में भी हरियाणा के लोगों को बजट में अपने राज्य का नाम सुनने को नहीं मिला। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सबसे ज्यादा जीएसटी देता है और सबसे ज्यादा टोल कलेक्शन भी करता है, इसके बावजूद बजट में हरियाणा को कुछ नहीं मिला और कोई नया प्रोजेक्ट नहीं दिया गया। एक-एक कर छीनी गईं परियोजनाएं, वादे कागजों तक सीमित
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पुरानी परियोजनाओं को भी हरियाणा से बाहर ले जाया गया। महम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की योजना को वहां से हटाकर जेवर नोएडा में शिफ्ट कर दिया गया, जहां अब वह बन रहा है। सोनीपत में आने वाली रेल कोच फैक्टरी बनारस चली गई। एम्स के दस संस्थान आने थे, लेकिन उनका आज तक कोई पता नहीं है। गुरुग्राम में इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी बननी थी, जो गांधीनगर चली गई। मेट्रो के मोर्चे पर भी कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मेट्रो एक प्रतिशत भी आगे नहीं बढ़ी और सिर्फ बातें ही होती रहीं। कांग्रेस शासन में हरियाणा में 88 किलोमीटर मेट्रो लाइन बनी थी, जबकि बारह साल में एक खंभा तक नहीं लगा। डिपोर्ट हुए युवाओं पर बोले-कमजोर विदेश नीति का नतीजा
अमेरिका से डिपोर्ट हुए युवाओं के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह भारत की कमजोर विदेश नीति का खामियाजा है, जिसे हमारे युवा और अर्थव्यवस्था भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों में भारतीयों के साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, वह मजबूत विदेश नीति की निशानी नहीं है। अवैध कॉलोनियों पर शायराना तंज
अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर उन्होंने शायराना अंदाज में हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता कष्ट के दिन काट रही है, जबकि भाजपा के विधायक और नेता धड़ाधड़ अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं, जनता की जेब काट रहे हैं और हरियाणा में भ्रष्टाचार के काच्चे काट रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐसी सूची जारी की जाए, जिसमें उन नेताओं के नाम हों जो कॉलोनियां नहीं काट रहे। अगर ऐसा नहीं किया गया तो माना जाएगा कि सभी विधायक कॉलोनी काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय जी के नाम से भी अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं और सवाल किया कि क्या उपाध्याय जी ऐसे व्यक्तित्व थे।