हरियाणा में फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में तार चोरी के इरादे से बिजली के खंभे पर चढ़े युवक की मौत हो गई। करंट लगने से उसका शव खंभे पर ही लटक गया, जो रात भर लटका रहा। जब सुबह लोग खेतों में आए तो इसकी सूचना पुलिस और बिजली निगम को दी गई। इसके बाद बिजली लाइन बंद करवाकर युवक के शव को नीचे उतारा गया। शव के पास से एक कटर और मौके पर कुछ तार भी कटा हुआ मिला, जिसे बिजली निगम के अधिकारियों ने जब्त कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि युवक नशे का आदी था, इसलिए ऐसी चोरियां करता रहता था। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया गया है। सुबह खंभे पर लटका देखा शव जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रतिया क्षेत्र के गांव ढाणी जल्लोपुर में हुई। मृतक की पहचान गांव हड़ौली के रहने वाले मक्खन सिंह (28) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार सुबह बिजली के खंभे पर युवक का शव लटका देखा गया। काटते समय तार से करंट लगा ग्रामीणों ने बताया कि खंभे के पास जाकर देखा तो नीचे एक कटर और कुछ तार कटे पड़े थे। इससे अंदाजा लगाया गया कि युवक तार काटने के लिए खंभे पर चढ़ा था। मगर तारों में करंट था। इस कारण युवक करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पहले भी चोरियां कर चुका था युवक ग्रामीणों का कहना है कि मक्खन सिंह नशेड़ी किस्म का युवक था। वह पहले भी कई बार गांव में छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दे चुका था। हालांकि, वह कभी पकड़ा नहीं गया। इस बार भी वह चोरी के इरादे से बिजली के खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। तीन भाइयों में मंझला था युवक मक्खन सिंह के पिता सुरजीत सिंह गांव हड़ौली के सरकारी स्कूल से चपरासी के पद से रिटायर हुए थे। उनके 2 बेटियां और 3 बेटे थे। तीनों भाइयों में मक्खन मंझला था। वह अपने नशे की पूर्ति के लिए इस तरह तार व अन्य सामान चोरी करने के प्रयास में रहता था। 4 साल से नशे में फंसा ग्रामीणों के अनुसार, मक्खन सिंह चुन्नी डाई का काम करता था। वह करीब 4 साल पहले नशा करने लगा। अब नशे के दलदल में बुरी तरह फंस गया। अक्सर घर से बाहर चला जाता था। उसका बड़ा भाई मजदूरी करता है, जबकि छोटा भाई मंदबुद्धि है। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। पिता बोले- मजदूरी करता था मृतक के पिता सुरजीत सिंह ने बताया- शुक्रवार रात साढ़े 12 बजे तक मक्खन घर पर ही था। इसके बाद वह घर से गया। हमें किसी ने बताया कि वह खंभे पर लटक रहा है। इसके बाद हमने मौके पर जाकर देखा था। हमें नहीं पता कि वह क्यों चढ़ा था। वह मजदूरी करने जाता था। पहले कोई चोरी या गलत हरकत करते भी हमने उसे नहीं देखा। एसडीओ ने कहा- तार भी काटा बिजली निगम के रतिया सब अर्बन सब डिविजन के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि यह 11 हजार केवी लाइन है, जिससे खेतों में भी सप्लाई जाती है। इससे तार भी काटा गया है। सूचना मिलते ही मौके पर कर्मचारी भेजकर सप्लाई बंद करवाई गई। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया वहीं, इस मामले में सदर थाना रतिया पुलिस ने बिजली निगम के लाइनमैन सुरेंद्र की शिकायत पर मृतक मक्खन सिंह के खिलाफ चोरी के आरोप में केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे के आसपास हमें सूचना मिली कि खंभे पर युवक लटका हुआ है। हम मौके पर पहुंचे तो हमें वहां बिजली निगम का लाइनमैन सुरेंद्र सिंह मिला। इसके बाद हमने डेडबॉडी देखी तो उसके नीचे कटर था। वहां तार भी कटा पड़ा था। इसके बाद शव नीचे उतरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बाकी जांच जारी है।
तार चुराने खंभे पर चढ़े युवक की मौत:करंट लगा, रातभर हवा में झूली लाश, पास ही कटर मिला; फतेहाबाद में चोरी की FIR
