मां को बेटे ने पीटा…बेटी ने अमेरिका से भेजी पुलिस:गाजियाबाद में 70 साल की महिला पर बरसाए थप्पड़-घूसे, 30 सेकेंड तक गला दबाया

Spread the love

गाजियाबाद में 44 साल के बेटे ने 70 साल की बुजुर्ग और बीमार मां को बेरहमी से पीटा। पहले कमरे में आकर उनके बगल में बैठा। उनको थप्पड़ मारे, फिर करीब 30 सेकेंड तक गला दबाया। इसके बाद उन्हें घूसे मारने लगा। मां की दवाएं भी जमीन पर पटक दीं। अमेरिका में बैठी बेटी ने मां के कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना देखी। उसने रिश्तेदारों और सोसाइटी के लोगों को वीडियो भेजा। सोसाइटी के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। बेटे को हिरासत में लेकर मधुबन बापूधाम थाना लेकर गई। घटना कुछ दिन पुरानी बापूधाम थाना क्षेत्र के संजय नगर सेक्टर-23 की है। सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है। जिसमें बेटा अपनी मां को पीटता दिख रहा है। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है। अब पढ़िए पूरा मामला… घटना संजय नगर सेक्टर-23 के जागृति विहार में मकान नंबर-22 की है। ये मकान भगवान देवी (70) का है। भगवान देवी के पति विजयपाल सिंह एक स्कूल में प्रिंसिपल थे। कई साल पहले उनकी मौत हो चुकी है। भगवान देवी की एक बेटी और एक बेटा है। बेटा निशांत राघव (44), यहीं रहता है। उसने BCA की पढ़ाई की है। जबकि बेटी निशा राघव अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। बेटा शादीशुदा, चार बच्चे
निशांत राघव की शादी करीब 17 साल पहले ममता से हुई थी। उनके 4 बच्चे, दो बेटे और दो बेटियां हैं। नशे की आदत और घरेलू विवादों के चलते पिछले करीब ढाई साल से निशांत और ममता के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। ममता निशांत से अलग जागृति विहार में रहती है। निशांत करीब तीन महीने पहले नोएडा के एक नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था। घर में लगवाए थे कैमरे
अमेरिका में रहने की वजह से निशा मां का ध्यान नहीं रख पाती थी। घर पर भी भगवान देवी की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इसलिए मां पर नजर रखने के लिए निशा ने घर में सीसीटीवी लगवाए थे। 30 जनवरी को निशा ने अमेरिका से मां के साथ हुई बर्बरता को देखा। उसने देखा कि भाई पहले मां के बगल में आकर बैठा, फिर थप्पड़ मारकर उनका गला अपने हाथ में जकड़ लिया। वह कुछ देर तक उन्हें ऐसे ही दबाए रहा। जब छोड़ा तो घूसे मारने लगा। इसके बाद कमरे कुछ समय तक टहला फिर दवा बगैराह फेकने लगा। बेटी ने बिना देरी किए वीडियो अपने रिश्तेदारों और सोसाइटी के लोगों को भेज दिया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने मधुबन बापूधाम थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निशांत को हिरासत में लिया। निशा ने भी अपने भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बुजुर्ग महिला से मारपीट करता दिख रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ———————— ये भी पढ़ें- मंत्री स्वतंत्र देव का BJP विधायक ने रास्ता रोका:काफिले के आगे 50 गाड़ियां लगाईं, धक्का-मुक्की-बवाल; अखिलेश बोले- ये हारने वाले हैं यूपी के महोबा जिले में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आपस में भिड़ गए। मंत्री एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। 30 कार और 20 बाइकें मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी। पढ़िए पूरी खबर…