हापुड़ में हाईवे पर 64 लाख की लूट:स्कूटी से आए 3 बदमाशों ने राजस्थान के व्यापारी को घेरा, रुपयों से भरा बैग छीनकर भागे

Spread the love

हापुड़ में दिनदहाड़े चावल व्यापारी से 64 लाख की लूट की गई। पिलखुवा हाईवे पर व्यापारी बाइक से रुपयों से भरा लेकर जा रहे थे। तभी 3 स्कूटी सवार बदमाश आए। उनकी बाइक को रोका। फिर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। रुपयों से भरा बैग उनसे छीन लिया और भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी विनीत भटनागर ने भी घटनास्थल की जांच की। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। घटना पिलखुवा में दिल्ल-लखनऊ हाईवे पर जीएस मेडिकल कॉलेज के सामने बने फ्लाईओवर की है। सीकर से पार्टनर के पास पैसे लेने आए थे व्यापारी राकेश राजपूत जिला सीकर राजस्थान के रहने वाले हैं। वे हापुड़ में अपने पार्टनर विभव शुक्ला के पास रुपए लेने आए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राकेश 64 लाख रुपए बैग में लेकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। तभी हाईवे पर जीएस मेडिकल कॉलेज के सामने उनकी बाइक को स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक किया। जबतक राकेश कुछ समझ पाते तब तक उनकी बाइक के आगे बदमाशों ने स्कूटी लगा दी। इसके बाद तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया। रुपयों से भरा बैग छीन लिया। व्यापारी ने शोर मचाने पर लोग मदद के लिए दौड़े। लेकिन तब तक बदमाश दिल्ली की तरफ स्कूटी भगाकर फरार हो गए। 2 मिनट में वारदात करके भागे बदमाश राकेश ने बताया- मुझे तीन बदमाशों ने अचानक आगे गाड़ी लगाकर रोका। एक बदमाश ने तमंचा मेरे सिर के पास सटा दिया और दूसरा साथी पैसों से भरा बैग छीनने लगा। मैंने बैग नहीं छोड़ा तो दोनों धक्का मारने लगे। गोली मारने की धमकी देने लगे। जिसके बाद मौका पाकर बदमाश ने झटके से मेरा बैग छीना और स्कूटी से फरार हो गए। इस दौरान तीसरा बदमाश स्कूटी स्टार्ट किए ही बैठा रहा। बदमाशों ने पूरी वारदात को 2 मिनट में अंजाम दिया। एडीजी बोले- बदमाशों की पकड़ के लिए 8 टीमें लगाईं एडीजी भानु भास्कर ने बताया- लूटकांड में बदमाशों की धरपकड़ के लिए 8 टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा। बदमाशों को पकड़ने के लिए शहर और बाहरी इलाके में नाकाबंदी की गई है। गल्ला व्यापारी से भी पूछताछ की जा रही है।

वहीं, DIG रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी ने थाना प्रभारी पिलखुवा, इंस्पेक्टर श्यौपाल सिंह, चौकी प्रभारी छिजारसी, एसआई महन्तराज यादव, चौकी प्रभारी एचपीडीए, एसआई जितेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डेढ़ महीने पहले हापुड़ में 85 लाख की हुई थी लूट हापुड़ में इसी दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-09) पर 15 दिसंबर को 85 लाख रुपए की लूट हुई थी। जिसका वीडियो भी सामने आया था। तब अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना पिलखुवा हाईवे पर दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी। बदमाशों ने हापुड़ से एक चीनी व्यापारी के मुनीम का पीछा किया, जो लेन-देन के 85 लाख रुपए लेकर बाइक से लौट रहा था। करीब 10 किमी दूर जाकर बदमाशों ने मुनीम की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया था। पुलिस ने मामले का 11 दिन में खुलासा कर 26 दिसंबर को 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। बदमाशों से पास से लूट की रकम बरामद हुई थी। ———– ये खबर भी पढ़ें जहां मंत्री से भिड़े विधायक, वहां खुदी पड़ीं सड़कें:महोबा में 3-3 फीट गड्‌ढों में भरा पानी, टोटियां सूखी पड़ीं यूपी के महोबा जिले में 30 जनवरी को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत भिड़ गए थे। वजह थी चरखारी विधानसभा के 100 गांवों में पानी न पहुंचा और पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होना। विधायक के इस दावे की जांच करने दैनिक भास्कर ग्राउंड जीरो पर पहुंचा। लोगों से बात की। पूरी खबर पढ़ें