इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से फैली बीमारी के कारण शुक्रवार को एक और मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान 72 वर्षीय एकनाथ सूर्यवंशी के रूप में हुई है। इस मौत के बाद मामले में अब तक कुल 31 लोगों की जान जा चुकी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी बॉम्बे हॉस्पिटल में मरीजों से मिलने पहुंचे थे। तब उन्होंने उनके बेटे से हाल पूछा था। एकनाथ सूर्यवंशी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद 29 दिसंबर 2025 को पहले शैल्बी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें 3 जनवरी 2026 को बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया गया। यहां 4 जनवरी को उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। उनका इलाज करीब 30 दिनों तक चला, जिसमें वे 25 दिन से अधिक समय तक वेंटिलेटर पर रहे। गुरुवार शाम को परिजन अपनी सहमति से उन्हें डिस्चार्ज कराकर घर ले गए थे, जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टर बोले-लिवर और दोनों किडनियां फेल
डॉक्टरों के मुताबिक एकनाथ सूर्यवंशी की दोनों किडनियां फेल हो चुकी थीं, लिवर खराब था और बीमारी का असर हार्ट और ब्रेन तक पहुंच गया था। दूषित पानी के कारण ज्यादातर मरीजों में मल्टी ऑर्गन फेल्योर की स्थिति बनी। सूर्यवंशी जल संसाधन विभाग में 1983 से दैनिक वेतन भोगी के रूप में कार्यरत रहे थे। कई वर्षों बाद उन्हें स्थायी किया गया, लेकिन उस समय उनका वेतन करीब 18 हजार रुपए था और उन्हें पेंशन सहित अन्य सेवा लाभ नहीं मिल पाए। इसी को लेकर उनका मामला हाई कोर्ट में लंबित है। उनकी पत्नी शकुंतला (63) हार्ट पेशेंट हैं, जबकि उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। दूसरी ओर, भागीरथपुरा में 21 जनवरी को 51 वर्षीय हेमंत गायकवाड़ की मौत हुई थी। अब उनकी पत्नी की हालत नाजुक है। किडनी की समस्या के चलते आईसीयू में भर्ती किया है।
अब तक 450 से ज्यादा मरीजों को किया डिस्चार्ज
इधर, भागीरथपुरा दूषित पानी मामले में अब तक 450 से ज्यादा मरीज इलाज के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। फिलहाल चार मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से तीन बॉम्बे हॉस्पिटल के आईसीयू में और एक अरविंदो हॉस्पिटल में इलाजरत है। इलाके में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब भी 24 घंटे संचालित है और दो एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। फिलहाल डायरिया के एक-दो हल्के मामले ही सामने आ रहे हैं, लेकिन हालात सुधरने के बावजूद क्षेत्र के रहवासी अब भी सहमे हुए हैं। ये खबर भी पढ़ें.. इंदौर में दूषित पानी से 30वीं मौत इंदौर में दूषित पानी से बुधवार को 30वीं मौत हो गई। भागीरथपुरा में रहने वाले 62 वर्षीय लक्ष्मी रजक को दो दिन पहले उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था परिजनों ने बताया कि भर्ती के दौरान उनकी किडनी भी खराब होने की जानकारी मिली। पढ़िए पूरी खबर।
इंदौर में दूषित पानी से एक और मरीज की मौत:राहुल गांधी ने अस्पताल में परिजन से पूछा था हाल; अब तक 31 जानें गईं
