35 मिनट मॉल की लिफ्ट में फंसा NRI परिवार:कुशीनगर में दम घुटने पर लोग चिल्लाते रहे; दरवाजा काटकर निकाला

Spread the love

कुशीनगर के पीडी मॉल में NRI परिवार लिफ्ट में करीब 35 मिनट तक फंसा रहा। परिवार के 8 लोग पसीने से तर-बतर हो गए। दम घुटने लगा। चिल्लाते रहे, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। हेल्पलाइन नंबर्स पर कॉल किया, लेकिन फोन नहीं रिसीव हुआ। एसपी, डायल-112 और डायल- 101 पर कॉल किया, तब रेस्क्यू टीम पहुंची। लिफ्ट तोड़कर अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान परिवार की बुजुर्ग महिला के पैर में चोट लगी है। यूक्रेन और पोलैंड से आए एक ही परिवार के 8 लोग बॉर्डर-2 फिल्म देखने के लिए मॉल पहुंचे थे। थियेटर तक जाने के लिए सभी लिफ्ट में चढ़े। थोड़ी देर में एक जोरदार झटका लगा और लिफ्ट बंद हो गई। इसके बाद लोग चिल्लाने लगे, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। तब पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहुंचकर उन्हें बचाया। पहले 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला… बिहार के गोपालगंज के गौराबाजार के मूल निवासी एनआरआई मोहन पांडेय (45) कई वर्षों से पोलैंड में बसे हुए हैं। परिवार कुशीनगर में रहता है। मोहन करीब दो साल के बाद अपनी मां से मिलने कुशीनगर पहुंचे थे। शुक्रवार को सभी ने बॉर्डर-2 मूवी देखने और शॉपिंग का प्लान बनाया था। मोहन परिवार को लेकर पड़रौना स्थित पीडी सिटी मॉल (पीडी मॉल) में पहुंचे थे। साथ में मां मंजू पांडेय (80), भतीजा आशीष पांडेय (35), गोरखपुर निवासी बहन सरोज चौबे, दो भांजियां सुप्रिया चौबे और ऋतिक चौबे, कुशीनगर के तमकुहीराज लक्ष्मीपुर निवासी अधिवक्ता अभय पांडेय (40) और समउर निवासी सतीश तिवारी (36) मौजूद थे। वकील अभय पांडेय ने बताया कि सभी लोग सुबह करीब 11.30 बजे लिफ्ट से तीसरे फ्लोर की ओर जा रहे थे। लिफ्ट में कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं था। कुछ ही देर बाद लिफ्ट को जोरदार झटका लगा और वह अचानक बीच में ही अटक गई। बुजुर्ग की सांस फूलने लगी, तो सभी घबराए… बंद लिफ्ट में घुटन, घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंजू पांडेय को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे परिवार के लोग और ज्यादा घबरा गए। लिफ्ट में लगे 4-5 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। हालात बिगड़ते देख परिजनों ने डायल-112, डायल-101 और सीधे पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। 20-25 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का शटर तोड़कर सभी 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान 80 वर्षीय मंजू पांडेय के पैर में चोट आई, जबकि अन्य लोग भी घुटन और घबराहट की स्थिति में नजर आए। मेंटेनेंस पर सवाल, लिफ्ट मैन तक नहीं था मौजूद
रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया- प्रॉपर रखरखाव न होने के कारण लिफ्ट जर्जर हो गई है। इसी कारण झटके के बाद लिफ्ट बीच में अटक गई। यह लिफ्ट उपयोग के लिए खतरनाक है। परिवार और स्थानीय लोगों ने मॉल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पीडी मॉल की लिफ्ट पहले भी कई बार फंस चुकी है, लेकिन इसके बावजूद न तो नियमित मेंटेनेंस कराया गया और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। टीम न पहुंचती तो बड़ा हादसा हो जाता
अभय पांडेय ने बताया- लिफ्ट में इतनी ज्यादा घुटन हो रही थी कि मेरी बुजुर्ग मां बेहोशी जैसी स्थिति में चली गई थी। अगर पुलिस और फायर टीम समय पर न पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मॉल मैनेजमेंट ने परिवार को बताया लापरवाह
पीढ़ी सिटी मॉल के मैनेजर गौरव अग्रवाल ने कहा- लिफ्ट में सवार लोगों ने अंदर लिखे निर्देशों का पालन नहीं किया। लिफ्ट ऑपरेटर उस समय बाहर गया था और जाम में फंसने के कारण देरी हुई। करीब 15 मिनट में रेस्क्यू कर लिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड है। मेंटेनेंस टीम को सूचना दे दी गई है, गोरखपुर से टीम आकर जांच करेगी। ———————————— ये खबर भी पढ़िए… गोंडा में छात्राओं को बुर्का पहनाकर डांस करवाया, VIDEO:प्रिंसिपल ने मांगी माफी, बोले- हॉरर सॉन्ग पर परफॉर्म करना था, गलती हुई यूपी के गोंडा में एक कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह में स्टेज पर छात्राओं ने बुर्का पहनकर डांस किया। मामले का वीडियो सामने आने पर बवाल मच गया। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में छह से अधिक हिंदू छात्राएं बुर्का पहनकर बॉलीवुड गानों पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो गुरु चरण श्रीवास्तव एआर इंटर कॉलेज का है। लोगों ने कॉलेज पहुंचकर विरोध दर्ज कराया तो कॉलेज प्रबंधक ने सोशल मीडिया पर लिखित रूप से माफी मांगी। पूरी खबर पढ़ें…