गुरुग्राम में ऑर्डर करके डिलीवरी बॉय की बाइक लूटी:3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, बेचने की फिराक में थे, पहले बनाई थी योजना

Spread the love

गुरुग्राम में जोमैटो पर फर्जी फूड ऑर्डर कर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करके बाइक लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 3 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बाइक बेचकर मिलने वाली राशि को आपस में बांटना चाहते थे। मंगलवार शाम को खेड़की दौला थाना में जोमैटो डिलीवरी बॉय ने शिकायत दी कि वह 25-26 जनवरी की रात को ड्यूटी पर था। उसके पास सेक्टर-84 से ऑर्डर आया तो वह सेक्टर-82 से ऑर्डर प्राप्त करके लोकेशन पर पहुंचा। जहां पर ऑर्डर लेने के लिए 4 लड़के आए। मारपीट की और बाइक लूट ली आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपी मारपीट के बाद उसकी बाइक लूटकर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने बुधवार को सेक्टर-84 से एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान अब्दुल अमीन (20) निवासी गांव कमरडंगा, जिला उत्तर दीनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। जबकि तीन नाबालिग हैं। फूड ऑर्डर कर बुलाया पुलिस पूछताछ के आरोपियों ने बताया कि इन्होंने योजना अनुसार वारदात को अंजाम देने के लिए फोन से ऑर्डर किया था। ऑर्डर देने आए डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करके उसकी बाइक लूटकर ले गए। ये लूटी गई बाइक को बेचकर आपस में रुपए बांटने की फिराक में थे, उससे पहले पुलिस ने इन्हें काबू कर लिया। बाइक और मोबाइल बरामद किया पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक बाइक और वारदात में प्रयोग एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।