करनाल जिले के 7 से ज्यादा नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह के समय स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। जब तक ईमेल की जांच की गई, तब तक बच्चे कक्षाओं में पहुंच चुके थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अभिभावकों को सूचना दी गई। इसके बाद स्कूल परिसर को सुरक्षित तरीके से खाली करवाया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। ईमेल चेक होते ही प्रबंधन ने लिया फैसला धमकी का यह ईमेल करनाल के प्रकाश कौर पब्लिक स्कूल और प्रताप पब्लिक स्कूल को मिला। स्कूल की प्राचार्या अनुप्रिया ने बताया कि स्कूल स्टॉफ ने स्कूल शुरू होने के बाद ईमेल की जांच की, जिसमें स्कूल को उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी। सूचना मिलते ही बिना घबराहट के सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकाला गया और स्कूल को पूरी तरह खाली कराया गया। इसके अलवा घरौंडा, बस्तली, असंध व के स्कूल नामी स्कूलो को भी यह ईमेल प्राप्त हुई। करनाल में प्रताप पब्लिक स्कूल, दायाल सिंह स्कूल सहित अन्य स्कूलों को भी बाम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पेरेंट्स को कॉल कर तुरंत बुलाया सभी स्कूलों के प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी अभिभावकों को फोन कर बच्चों को लेने के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान स्कूल परिसर में शांति बनाए रखी गई, ताकि बच्चों में डर का माहौल न बने। साइबर थाना करनाल में दी गई शिकायत प्रकाश कौर पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल अनुप्रिया ने बताया कि धमकी वाला ईमेल स्कूल समय में चेक किया गया था। इसके बाद तुरंत आवश्यक कदम उठाए गए और स्कूल को खाली करवा दिया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता थी। घटना की शिकायत साइबर थाना करनाल को दे दी गई है। पुलिस जांच में जुटी, ईमेल की हो रही पड़ताल साइबर थाना करनाल की टीम धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है। ईमेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पेरेंट्स से अपील, पैनिक क्रिएट न करें- संचालक प्रताप स्कूल के ऑनर प्रतीक ने बताया कि ईमेल के माध्यम से धमकी मिली है। जिसके बारे में लोकल पुलिस को सूचित कर दिया गया था और बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी। सभी अभिभावकों से अपील है कि किसी तरह का पैनिक क्रिएट न करें और शांति से काम ले। वहीं पुलिस पीआरओ जितेंद्र ने बताया कि स्कूलों के धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली है। स्कूलों में संबंधित एरिया की पुलिस को भेजा गया है। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। किसी भी व्यक्ति को घबराने की जरूरत नहीं है। कोई भी पैनिक क्रिएट न करे। सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी करनाल पुलिस द्वारा “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाहपूर्ण पोस्टों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या शांति भंग करने वाली पोस्ट साझा करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की सख्त चेतावनी करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या आपातकालीन नंबर डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
करनाल में 7 से ज्यादा स्कूलों को उड़ाने की धमकी:ईमेल से मचा हड़कंप, सुबह क्लास में पहुंचे थे बच्चे, पेरेंट्स लेने पहुंचे
