हरियाणा में नारनौल के रहने वाले युवक की राजस्थान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक राजस्थान के एक गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम में गया हुआ था। यहीं स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उसे गोली मार दी। परिवार के मुताबिक, युवकों ने जाते हुए कहा कि अभी तो एक ही मर्डर हुआ है, पांच और मार दें तो सजा उतनी ही मिलेगी। सूचना मिलते ही बहरोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 2 युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि रंजिश में युवक की हत्या की गई है। 14 साल पहले उसके पिता का भी मर्डर हुआ था। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. 10 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में गया था
मृतक की पहचान नारनौल के मांदी गांव निवासी लोकेश (21) के तौर पर हुई है। सोमवार को लोकेश गांव के ही देवांश के साथ उसके चाचा सुनील के बेटे के कुआं पूजन कार्यक्रम के लिए नारनौल से 10 किलोमीटर दूर राजस्थान के बहरोड़ के पास भगवाड़ी गांव में गया हुआ था। घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे
देवांश ने बताया कि सोमवार रात को कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार के लोग आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान बाहर से गाली गलौज की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोकेश और देवांश बाहर गए। बाहर देखा तो भगवाड़ी कलां निवासी सोनू शर्मा और उसका साला नीमराना क्षेत्र के तलवाना निवासी गौरव गाली गलौज कर रहे थे। लोकेश के सीने में गोली मारी
देवांश ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सोनू शर्मा ने पिस्तौल निकाल ली और फायर कर दिया। गोली लोकेश के सीने में लगी। दूसरी गोली गेट पर जाकर लगी। सोनू ने देवांश पर भी फायरिंग की, लेकिन वह बच गया। इसके बाद सोनू और गौरव स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। लोकेश को तुरंत अस्पताल लेकर गए, वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हत्या के बाद गांव आकर धमकाया
देवांश ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद देर रात सोनू और गौरव दोबारा गांव आए। उन्होंने घरों के दरवाजे पीटे, फायरिंग की और लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इनकी धमकियों के बाद गांव-वाले पूरी रात नहीं सोए। लोकेश के पिता संजय की 2012 में पीट-पीटकर हत्या की गई थी। लोकेश की बहन शादीशुदा है। अब घर में अकेली मां रह गई है। DIG बोले- 12 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार किए
DIG देवेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने कार्रवाई हुए 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और एक हथियार बरामद किया गया है। आरोपी सोनू के खिलाफ पहले भी 3 मामले दर्ज हैं। गौरव के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। अभी जांच कर रहे हैं कि इनकी आपस में क्या रंजिश थी।
हरियाणा के युवक की राजस्थान में हत्या:कुआं पूजन कार्यक्रम में गोली मारी, हमलावर बोले- एक मर्डर हुआ, 5 मारेंगे तो भी सजा उतनी ही
