हरियाणा में गणतंत्र दिवस पर खिलेगी धूप, सताएगी ठंड:रात को बदलेगा मौसम; 27 जनवरी को बारिश-शीतलहर का अलर्ट, पाला जमेगा

Spread the love

हरियाणा में गणतंत्र दिवस के दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 26 जनवरी की रात से मौसम परिवर्तित होगा तथा एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं कई जगह पाला जमने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 26 जनवरी के लिए प्रदेश में कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जिसके चलते सुबह से ही धूप खिली रहेगी। माैसम साफ रहने से कई जगह सूखी ठंड पड़ेगी तथा प्रदेश के पश्चिमी तथा दक्षिणी जिलों खासकर महेंद्रगढ़, सिरसा व हिसार में पाला जमने की भी संभावना है। 26 जनवरी की रात से बदलेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी की रात से यह पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा समेत आसपास के राज्यों को प्रभावित करेगा, जिसके चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और कड़ाके की ठंड का दौर बना रह सकता है। दो दिन बारिश पूर्वानुमान के मुताबिक 26 जनवरी की रात से 28 जनवरी तक हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश के कारण जहां किसानों को रबी फसलों के लिए आंशिक लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 27 को तेज हवाएं भी चलेंगी मौसम विभाग ने 27 जनवरी को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इस दिन राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण खुले क्षेत्रों में नुकसान की आशंका जताई गई है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कच्चे ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है। शीतलहर की चेतावनी इसके साथ ही हरियाणा के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। 27, 28 और 29 जनवरी को शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। किसानों को भी सलाह मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करें और फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक उपाय अपनाएं। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि ठंड और खराब मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों का प्रयोग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।