झज्जर जिले के गांव डीघल में आज अहलावत खाप पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। पंकज अहलावत एनकाउंटर मामला अब और भी तेज होता जा रहा है। एक तरफ पुलिस की गठित टीम मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है। वहीं दूसरी ओर खाप पंचायतों का आयोजन लगातार जारी है। घटनाक्रम में एक पुलिस कर्मचारी को भी गोली लगी हुई है, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। जांच कर रही पुलिस टीम की ओर से दोनों पक्षों से एक एक बार बात की जा चुकी है। वहीं अब पुलिस की ओर से जांच पूरी की जा रही है। सोनीपत कमिश्नर ममता सिंह ने घटनाक्रम की सभी जगहों पर जाकर जांच की। 15 जनवरी की रात हुआ घटनाक्रम झज्जर में 15 जनवरी की रात को पुलिस मुठभेड़ की सूचना मिली थी जिसमें एक पुलिस कर्मचारी एएसआई प्रवीण और एक आरोपी पंकज के पैर में गोली लगी थी। अगले दिन 16 जनवरी को झज्जर डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने प्रेसवार्ता कर घटनाक्रम को लेकर बताया कि रात को पुलिस को फोन कर अवैध हथियार की सूचना मिली थी जिस पर उनका पीछा कर कार रुकवाई तो पुलिस पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। डर के मारे बचाव में चलाई गोली उसके बाद रात को ही पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि पुलिस पर फायरिंग की गई है। उसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। जिसके बाद पुलिस की टीम पर बेरी क्षेत्र में फायरिंग की गई और जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में भी गोली लगी। वहीं इस सारे मामले में पंकज के पिता आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की कार का बदमाश पीछा कर रहे थे इसी बचाव में उसने फायरिंग की और उसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर उसके ऊपर बैठकर गोली मारी है और खुद ही उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर से गाड़ी पर गोली चलाई और एनकाउंटर की कहानी बनाकर पेश कर दी। सोनीपत कमिश्नर घटनाक्रम की जांच कर रही अब इस मामले में दोनों पंचायतें सीएम से मिल चुकी हैं और सीएम नायब सिंह सैनी की ओर से आदेश दिए जाने के बाद एसआईटी टीम गठित की गई जिसमें सोनीपत से कमिश्नर ममता सिंह इस मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस चुप्पी साधे हुए है और किसी भी तरह का बयान देने के लिए तैयार नहीं है। पंकज के पिता ने क्या आरोप लगाए… कहासुनी के बाद होटल से निकला: आनंद सिंह ने बताया कि 15 जनवरी की रात पंकज अपने वकील दोस्त के साथ झज्जर शहर के सांपला रोड पर स्थित गैलेक्सी होटल में गया था। वहां पर पंकज करीब कुछ देर ही रुका। उन्होंने खाने का ऑर्डर दिया। यहां शराब पी रहे लोगों से कहासुनी हुई। पंकज के वहां से निकलते ही उसकी गाड़ी के पीछे किसी की गाड़ी लगी। डर से पीछे गाड़ी पर गोली चलाई: आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि न तो वह पुलिस की गाड़ी थी और न ही उसमें कोई व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था। उन्होंने पंकज की गाड़ी का पीछा करते हुए 3 ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। उसी दौरान पंकज ने डर की वजह से उन पर अपनी लाइसेंसी हथियार से डराने की नीयत से फायर कर दिया। उसे नहीं पता था कि सामने वाला पुलिस वाला है या कोई बदमाश। पुलिस की गाड़ी आती देख रुका: पिता ने आगे बताया कि गोली चलाने के बाद पंकज गाड़ी लेकर वहां से भाग गया। आगे जाकर उसकी गाड़ी में पंचर हो गया। उसने अपने साथी को फोन कर दूसरी गाड़ी मंगवाई। इसके बाद फिर गाड़ी पंकज का पीछा करने लगी। इसके बाद उसने गांव अच्छेज की आबादी एरिया में गाड़ी ले गए। गांव के पास पंकज ने देखा कि उसके पीछे पुलिस की गाड़ी है तो वह रुक गया। बयान दर्ज कराने को कहा: आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि पंकज गाड़ी से उतर गया। पंकज के साथ पुलिसवालों ने कुछ देर बात भी की और पूछा कि तुमने गोली चलाई है? इस पर उसने जवाब दिया कि कोई मेरी गाड़ी का पीछा कर रहा था, तभी डर से उसने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई। पुलिस को उसने लाइसेंस और हथियार सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि गोली से एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गया है। आप साथ चलकर अपना बयान दर्ज कराओ। ऊपर बैठकर पैर में गोली मारी: पंकज के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस पंकज को अपनी गाड़ी में ले गई। वे उसे खेतों में ले गए, जहां दो-तीन पुलिस कर्मचारियों ने पंकज को नीचे गिरा लिया और उसके ऊपर बैठकर उसके पैर में गोली मार दी। पंकज को गोली मारने के बाद उन्होंने अपनी गाड़ी को पंकज की गाड़ी से टकराया और फिर पंकज के हथियार से दो फायर किए। पुलिस ने पंकज पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए पहली FIR: गाड़ी में अवैध असलहा की सूचना पर पीछा किया झज्जर शहर थाने में हवलदार अमरजीत की शिकायत पर FIR दर्ज हुई। जिसमें कहा- ASI प्रवीन के साथ प्राइवेट गाड़ी i20 में ड्यूटी पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि HR14U-8642 में अवैध असलहा है। सांपला फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने गाड़ी भगा ली। सुर्खपुर मोड़ के पास फिर गाड़ी रोकने की कोशिश की तो कार में बैठे लड़कों ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाई। गोली ASI प्रवीन को लगी। आरोपी गाड़ी भगा ले गए। रात 10ः45 बजे पुलिस कंट्रोलरूम से वीटी हुई। दूसरी FIR: पुलिस की गाड़ी पर दो फायर किए CIA के इंस्पेक्टर राम अवतार की शिकायत पर बेरी थाने में दूसरी FIR दर्ज हुई। जिसमें कहा- CIA इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह ने फोन पर सूचना दी कि आल्ट्रोज कार (HR14U-8642) में सवार 4-5 लड़के ASI प्रवीन को गोली मारकर भागे हैं। रात 11ः30 बजे पहाड़ीपुर से जहाज गढ़ के बीच यह गाड़ी दिखी। रुकने का इशारा किया तो बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारी। 3 युवक नीचे उतरे। तभी एक युवक ने पुलिस टीम की गाड़ी पर दो फायर किए, जो शीशे पर लगे।फिर युवक खेतों की तरफ भागे। पुलिस ने उनके पैरों पर निशाना साधकर फायर किया। गोली एक के टखने पर लगी। पकड़े गए युवक ने अपना नाम पंकज बताया। फिर नीतिश और रोहित पहाड़ीपुर को भी पकड़ा, जो पिस्तौल बरामद हुआ, उस पर वेबले स्कॉट इंग्लैंड का मार्क है।
झज्जर में पंकज अहलावत एनकाउंटर केस:आज खाप पंचायत होगी; SIT गठित, सोनीपत कमिश्नर कर रही जांच
