हांसी की चौकी में युवक की पिटाई पर बवाल:दो भाइयों को पंचायत से उठा लाई पुलिस; शरीर पर चोट के निशान, डंडा टूटा

Spread the love

हांसी की सिसाय पुल पुलिस चौकी में शनिवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब गांव सुलेमान बाड़ा के ग्रामीण बड़ी संख्या में चौकी पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पंचायत के बहाने दो भाइयों को बुलाकर चौकी के अंदर मारपीट की। गुस्साए ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच लालचंद के नेतृत्व में चौकी परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपीओ रमेश सांगवान पर मारपीट का आरोप गांव सुलेमान बाड़ा के रहने वाले तेजभान ने बताया कि उसका और उसके बेटे रॉबिन का गांव के ही रोहतास के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए शनिवार दोपहर पुलिस चौकी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान तेजभान और उसके छोटे भाई पवन कुमार को चौकी के अंदर एक अलग कमरे में बुलाया गया। चौकी के अंदर लाठी-डंडों से पिटाई, पुलिस का डंडा तक टूटा तेजभान और पवन कुमार का आरोप है कि वहां तैनात एसपीओ रमेश सांगवान ने उनके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह मारपीट की। तेजभान ने कहा कि पिटाई इतनी गंभीर थी कि पुलिस का डंडा तक टूट गया। उनका आरोप है कि एसपीओ रमेश सांगवान, रोहतास का रिश्तेदार है और दबाव बनाकर उनसे झूठा कबूलनामा करवाना चाहता था। पूर्व सरपंच लालचंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चौकी में किया प्रदर्शन घटना के बाद जब दोनों भाई गांव लौटे, तो उन्होंने पूर्व सरपंच लालचंद और अन्य ग्रामीणों को पूरी बात बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकी पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत के नाम पर लोगों को अलग बुलाकर मारपीट करना कानून का दुरुपयोग है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। चौकी इंचार्ज रविकांत बोले—गैरमौजूदगी में हुआ विवाद, जांच के बाद होगी कार्रवाई सिसाय पुल चौकी इंचार्ज रविकांत ने बताया कि शनिवार को उनकी गणतंत्र दिवस की रिहर्सल में ड्यूटी लगी हुई थी और उनकी गैरमौजूदगी में यह विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि मारपीट की शिकायत मिली है। संबंधित एसपीओ रमेश फिलहाल अवकाश पर हैं। उनके लौटते ही पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।