फतेहाबाद जिले में टोहाना से रतिया-फतेहाबाद रूट पर हरियाणा रोडवेज की बस में एक यात्री के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। यात्री ने बस कंडक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सैनी, परिवहन मंत्री अनिल विज को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। रतिया जाने के लिए चढ़ा था बस में शिकायतकर्ता संजीव सिंगला ने बताया कि वह रतिया जाने के लिए बस में चढ़ा था। उसने कंडक्टर कर्मवीर से पूछा कि बस भूना होकर फतेहाबाद जाएगी या रतिया होकर। कंडक्टर ने जवाब देने की बजाय सिर हिला दिया। जब उसने दोबारा पूछा, तो कंडक्टर ने कथित तौर पर गलत व्यवहार करते हुए कहा, बोर्ड पर लिखा है, तुझे दिखाई नहीं दे रहा क्या? संजीव के अनुसार, जब उसने बताया कि उसे दिखाई नहीं दिया, तभी वह पूछ रहा है, तो कंडक्टर ने कहा, बैठना है तो ठीक से बैठ जाओ, नहीं तो नीचे उतार दूंगा। जब संजीव ने तमीज से बात करने को कहा, तो कंडक्टर ने जवाब दिया, तूने जो मेरा करना है कर लियो, मैं तो ऐसे ही बोलता हूं। डिपो इंचार्ज को भी दी शिकायत संजीव सिंगला ने अपनी शिकायत में कहा कि यदि ये लोग वरिष्ठ नागरिकों से ऐसा व्यवहार करते हैं, तो अन्य लोगों से कैसा करते होंगे। उन्होंने कंडक्टर के खिलाफ डिपो इंचार्ज टोहाना को भी शिकायत दी। कंडक्टर अब बोला- बुरा लगा हो तो माफी मांगने को तैयार आरोपी कंडक्टर कर्मवीर ने अपनी सफाई में कहा कि जब संजीव ने उनसे बस के रूट के बारे में पूछा था, तो उन्होंने रतिया जाने की बात कही थी, लेकिन शायद उन्हें सुनाई नहीं दिया। इसके बाद संजीव ने कहा कि वह उसे सबक सिखाएगा और शिकायत करेगा। कंडक्टर ने कहा कि अगर बुरा लगा तो वह माफी मांगने को तैयार था।
अड्डा इंचार्ज बोले-जांच की जाएगी अड्डा इंचार्ज सुरेश दहिया ने पुष्टि की कि संजीव सिंगला द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कंडक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा रोडवेज बस में यात्री से बदसलूकी:टोहाना डिपो कंडक्टर बोला- तूने जो मेरा करना है कर लियो; CM और विज को शिकायत
