हरियाणा के कुरुक्षेत्र में केशव पार्क में मिली दिव्यांग व्यक्ति की सिर कटी लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतक की पत्नी के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 दिसंबर की रात उसकी चाकू से गर्दन काटकर हत्या की थी। उसका धड़ पार्क में ही छोड़ दिया और सिर सरोवर में ले जाकर डाल दिया, ताकि शव की पहचान न हो सके। हालांकि मृतक की नकली टांग से पुलिस उसके घर तक पहुंच गई। मृतक की पहचान पानीपत के खोजकीपुर निवासी सुनील के रूप में हुई है। वह नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। पत्नी अक्सर इसकी शिकायत अपने प्रेमी से करती थी। उसका प्रेमी इसी बात की रंजिश रखे हुए था। पुलिस ने इस मामले में प्रेमी समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे CIA-2 प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि अभी इस घटना में महिला का रोल सामने नहीं आया है। पुलिस पता लगा रही है कि हत्या में महिला शामिल थी या नहीं। आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पहले जानिए कब मर्डर हुआ और मृतक की पहचान कैसे हुई… पार्क में मिली लाश सिर कटी लाश
30 दिसंबर 2025 को सुबह कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में एक दिव्यांग व्यक्ति का सिर कटी लाश मिली। पार्क में सैर करने आए एक गुरुद्वारा कर्मचारी ने इसे सबसे पहले देखा। आसपास खून बिखरा था और सिर गायब था। मौके पर कृष्णा गेट थाना, सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें पहुंचीं। मौके से एक खून से सना चाकू और मृतक की दाहिनी नकली टांग मिली। सिर न होने से पहचान मुश्किल हो गई थी। 15 दिन बाद सरोवर से मिला सिर
13 जनवरी 2026 को पार्क से करीब आधा किलोमीटर दूर सन्निहित सरोवर में एक सिर मिला। जांच में पता चला कि यह उसी लाश का हिस्सा है। अब शव की पहचान करने का सबसे बड़ा सुराग दाहिनी नकली टांग थी। इस पर जयपुर का मार्का था। टीम जयपुर गई और हरियाणा में ऐसे 150 दिव्यांगों की लिस्ट बनाई, जिन्होंने वैसी ही नकली टांग लगवाई थी। पानीपत के सुनील के रूप में हुई पहचान
लिस्ट खंगालने पर सुनील का नाम सामने आया। सीआईए-2 प्रभारी मोहनलाल और कृष्णा गेट थाना प्रभारी बलजीत सिंह की टीम ने पानीपत के खोजकीपुर गांव में छानबीन की। वहां से पता चला कि सुनील शादीशुदा था। उसके तीन साल की बेटी और एक डेढ़ साल का बेटा है। परिवार ने पानीपत में 4 जनवरी को उसके लापता होने की FIR दर्ज कराई थी। अब जानिए पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची…. मोहित के सुनील की पत्नी से अवैध संबंध
कुरुक्षेत्र के SP नीतीश अग्रवाल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रंजिश के तहत सुनील का मर्डर हुआ। पुलिस ने पानीपत के खोजकीपुर निवासी मोहित और पानीपत निवासी मंजीत को गिरफ्तार किया। मंजीत का भाई अंकुश भी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि मोहित का सुनील की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। सुनील शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इस बात से मोहित सुनील से रंजिश रखे हुए था। 29 दिसंबर को ट्रेन से कुरुक्षेत्र आए
SP ने आगे बताया कि मोहित सुनील की बाइक इस्तेमाल करता था। सुनील अक्सर शराब के लिए मोहित से पैसे मांगता और बाइक छीनने की धमकी देता। इससे तंग आकर मोहित ने मंजीत और अंकुश के साथ मिलकर सुनील की हत्या की प्लानिंग बनाई। 25 दिसंबर से इन्होंने प्लानिंग शुरू की। आरोपियों की पहले प्लानिंग करनाल में हत्या करने की थी, लेकिन 29 दिसंबर को वे ट्रेन से कुरुक्षेत्र आए। पहले एक होटल में रुके, फिर टहलने के बहाने केशव पार्क पहुंचे। पार्क में घूमने के बाद अंधेरे में हत्या की
पुलिस के मुताबिक, वहां एक घंटे घूमने के बाद अंधेरे वाली जगह पर सुनील की हत्या कर दी। सिर काटकर सरोवर में फेंक दिया, ताकि पहचान न हो। जांच करते हुए पुलिस ने मोहित और मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। जांच पूरी होने तक और डिटेल्स सामने आएंगी। आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पत्नी को पीटा तो प्रेमी ने पति की हत्या की:पानीपत से कुरुक्षेत्र ले जाकर चाकू से गर्दन काटी, सरोवर में सिर फेंका
