गुरुग्राम में डिलीवरी राइडरों पर चढ़ाई स्कॉर्पियो:ऑर्डर के इंतजार में खड़े थे, एक की हालत गंभीर; टक्कर के बाद विरोध पर भड़का

Spread the love

गुरुग्राम के सेक्टर-93 स्थित हयातपुर इलाके में एक स्कॉर्पियो सवार ने रविवार रात को फूड डिलीवरी का काम करने वाले युवकों को कुचल दिया। काले रंग की स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने सड़क किनारे खड़े स्विगी डिलीवरी बॉयज पर जान-बूझकर गाड़ी चढ़ा दी। घटना में टिंकू पवार नाम का एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य राइडर्स बाल-बाल बच गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से परिजन इलाज के लिए उसे रेवाड़ी ले गए हैं। वहीं, सोमवार सुबह तक आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय सेक्टर-93 चौकी में पहुंच गए। इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें काले रंग की स्कॉर्पियो राइडरों को कुचलती नजर आ रही है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुई घटना…
अचानक मारी टक्कर : प्रत्यक्षदर्शी और पीड़ित डिलीवरी बॉयज का कहना है कि वे रात को साढ़े 10 बजे सेक्टर-93 हयातपुर में पिकअप प्वाइंट पर ऑर्डर की प्रतीक्षा में सड़क किनारे अपनी बाइकों के पास खड़े थे। अचानक एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से आई और राइडरों को टक्कर मारती हुई आगे चली गई।
विरोध करने पर दोबारा आया और कार चढ़ाई : जब उन्होंने विरोध किया तो ड्राइवर कार घुमाकर वापस लाया और जमीन पर गिरे राइडरों पर चढ़ा दी। इस दौरान रेवाड़ी का रहने वाला टिंकू पंवार नाम का राइडर टायर के नीचे आ गया, जबकि दूसरे राइडरों ने कूदकर जान बचाई। ड्राइवर मौके से फरार : वारदात को अंजाम देकर आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। राइडरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल की, जिसके बाद कार्रवाई की गई। हादसे के समय पांच-छह स्विगी राइडर्स मौजूद थे, जो सभी ऑर्डर डिलीवर करने के लिए खड़े थे। यह इलाका व्यस्त है और डिलीवरी राइडर यहां अक्सर इंतजार करते हैं। घायल की हालत गंभीर : हादसे के बाद घायल टिंकू पवार को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि टिंकू को सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल हालत गंभीर है और उनको आईसीयू में रखा गया है। चौकी में पहुंचे राइडर : स्विगी राइडरों ने घटना की कड़ी निंदा की है। राइडरों की मांग की है कि आरोपी को तुरंत पकड़ा जाए। हालांकि पुलिस ने स्कॉर्पियो बरामद कर ली है, लेकिन आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है। जिसके बाद बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर सेक्टर-93 चौकी में पहुंच गए हैं।