यूपी में अचानक मौसम पलट गया है। कई शहरों में सोमवार तड़के बारिश हुई। अलीगढ़ में ओले भी गिरे। लखनऊ-फतेहपुर के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। ग्रामीण इलाकों में तेज हवा से सरसों की फसलें गिर गई हैं। बाराबंकी, गोंडा समेत कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में आज से 5 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसका असर पश्चिमी यूपी में ज्यादा रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड का असर बरकरार रहेगा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो हरदोई 3.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा। दो दिन तक पूरा प्रदेश घने कोहरे की चपेट में रहा। लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज समेत 50 ज्यादा जिलों में विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर तक सिमट गई। हालत इतने खराब हो गए थे कि गाड़ियों की लाइटें भी नजर नहीं आ रही थीं। कई जिलों में भीषण कोहरे के चलते 22 हादसे हुए। इन हादसों में 70 गाड़ियां टकरा गईं और 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 लोग घायल हो गए। सबसे ज्यादा 15 गाड़ियां अमरोहा में एक-दूसरे से टकराईं। इससे हाईवे पर क्षतिग्रस्त गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और एक की मौत हो गई। इसके अलावा कानपुर-अमेठी में 2-2, बाराबंकी, कासगंज, मुजफ्फरनगर और मैनपुरी में भी एक-एक की मौत हुई। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में गिरावट हो रही थी, जो अब थमेगी। आने वाले कुछ दिनों में तापमान 2-4 डिग्री बढ़ेगा। 20 जनवरी से कोहरे से राहत मिल सकती है। बादल और बूंदाबांदी के बाद सर्दी के कम होने के आसार बन रहे हैं। तस्वीरें देखिए- आपके शहर में मौसम कैसा है, ठंड और बारिश को लेकर क्या अलर्ट है? जानने के लिए स्क्रोल करिए…
यूपी में पलटा मौसम-अलीगढ़ में ओले पड़े, लखनऊ में बारिश:कई जिलों में बादल छाए, 5 दिन बारिश का अलर्ट; पारा 3.5°C
