शिवराज ने मोहन के मंत्री से कहा- डिस्टर्ब मत करो:राहुल से बोला नेता-जीतू पटवारी ने कांग्रेस खत्म कर दी; मंत्री और विधायक में नोक-झोंक

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। नितिन गडकरी के सामने शिवराज का मेगा शो
अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने मेगा शो कर दिया। उन्होंने मंच से गडकरी और सीएम डॉ. मोहन यादव के सामने कई सड़कों की मांग रख दी। उन्होंने कहा- दिल है कि मानता नहीं, विकास की भूख कभी पूरी नहीं होती। शिवराज जब मंच से बोल रहे थे, तभी एक ऐसा मौका भी आया जब उन्होंने मंत्री राकेश सिंह को टोक दिया। उन्होंने कहा- राकेश जी, एक मिनट.. अभी हम बोल रहे हैं, डिस्टर्ब मत करो। राकेश सिंह सीएम से बात कर रहे थे। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा- मैं आपके सपोर्ट में ही खड़ा हूं। शिवराज ने मंच से अपने लगातार चुनाव जीतने का किस्सा भी सुनाया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मजाकिया अंदाज में कहा- आपने ही बताया कि आप 6 बार सांसद और 6 बार विधायक बने। ये तो कुंभ स्नान हो गया। सीएम की इस बात पर मंच और पंडाल दोनों जगह ठहाके गूंज उठे। इधर, मंच से उठी मांगों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा- मेरे पास द्रौपदी की थाली है, एक भी आदमी भूखा नहीं रहेगा। सबको खाना खिलाने का काम हम करेंगे। एक बार फिर उजागर हुई कांग्रेस की कलह
मध्य प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ये बात एक बार फिर सामने आ गई। इंदौर में कांग्रेस के एक नेता राहुल गांधी के सामने खुलेआम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की शिकायत कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी जैसे ही इंदौर एयरपोर्ट से बाहर निकले, कांग्रेस नेता गजेंद्र वर्मा उनके पास दौड़ते हुए पहुंचे और उनसे कहा- राहुल जी, जीतू पटवारी ने कांग्रेस को खत्म कर दी है। हालांकि, इस दौरान राहुल गांधी ने इस शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बिना कुछ कहे आगे बढ़ गए। लेकिन इस घटना ने कांग्रेस की एकजुटता और अंदरूनी तालमेल के दावों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। महापौर ने कैमरे के सामने किया पानी का टेस्ट
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में नगर निगम की पानी सप्लाई की शुद्धता जांचने पहुंचे महापौर पुष्यमित्र भार्गव का एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस दौरान महापौर ने एक नल से गिलास में पानी भरकर खुद पीकर देखा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बन रहा था। इसी बीच जब महापौर पानी पीने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति अचानक बीच में आ गया। उसे देखते ही महापौर के पास खड़े पार्षद और अन्य लोग उसे हटाने लगे। अब इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष का कहना है कि अगर पानी की गुणवत्ता वाकई ठीक है, तो इस तरह कैमरे के सामने प्रदर्शन करने की क्या जरूरत थी। विपक्ष ने इस पूरे मामले को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाली नौटंकी करार दिया है। विधायक से नाराज नजर आए मंत्री प्रहलाद पटेल
राजगढ़ के खिलचीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल और भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी के बीच मंच पर ही नोकझोक की स्थिति बन गई। विधायक की कुछ बातों पर मंत्री प्रहलाद पटेल नाराज नजर आए। दरअसल, विधायक हजारीलाल दांगी मंच से संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उनके कुछ शब्दों पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने बीच में ही टोक दिया। मंत्री ने कहा- बस करो, ऐसा मत करो, खुश करने के लिए मत बोलो… नहीं तो मैं आपके खिलाफ बोलूंगा। इधर, विधायक दांगी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन और सामुदायिक भवन नहीं हैं। उन्होंने कुछ पंचायतों की सूची मंत्री को देने और घोषणाएं करने का आग्रह किया। इस पर मंत्री प्रहलाद पटेल का रुख और सख्त हो गया। उन्होंने विधायक से कहा- थोड़ा सही बोलने की आदत डालो। पुराने और जर्जर भवनों को यह कहना कि वहां भवन ही नहीं है, यह गलत बात है। बातों का सिलसिला आगे बढ़ा तो विधायक दांगी ने मजाकिया लहजे में कहा- मांगना हमारा काम है और देना आपका। इस टिप्पणी पर सभा में हंसी गूंज उठी, लेकिन मंत्री प्रहलाद पटेल हाथ जोड़ते हुए बोले- भैया, रहने दो। विधायक जब मंत्री के पास जाकर बात करने लगे तो मंत्री ने इशारे से उन्हें बैठने को कहा और उनकी ओर देखा तक नहीं। इनपुट सहयोग – कपिल जैन (विदिशा), संतोष शितोले (इंदौर), मनीष सोनी (राजगढ़) ये भी पढ़ें –
भाजपा विधायक ने गाली दी, बोले- कभी-कभी निकल जाती है: सीएम ने पहले कहा- इनकी क्या औकात, अब हनुमान जी से तुलना कोई सचिव अगर काम नहीं करेगा तो हटा देंगे। सचिव हैं, सहायक सचिव हैं, इनकी क्या औकात… करीब दो महीने पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में सरपंच सम्मेलन में ये बयान दिया तो पंचायत सचिव नाराज हो गए थे। लेकिन, अब सीएम ने इन्हें खुश करने का काम किया है। भगवान हनुमान जी से इनकी तुलना की है। पूरी खबर पढ़ें