फरीदाबाद जिले में थाना छायंसा क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक भट्ठा मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक स्वराज ट्रैक्टर गांव मोहना से गांव जवा स्थित विकास भट्ठा की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 10 से 12 भट्ठा मजदूर सवार थे, जो रोजाना की तरह काम पर जा रहे थे। ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से पलटी ट्रॉली जानकारी के अनुसार, जब ट्रैक्टर गांव अटेरना से पहले पहुंचा, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही ट्रॉली में बैठे मजदूर सड़क पर गिर पड़े और कुछ मजदूर ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अलीगढ़ निवासी आकाश की मौके पर मौत इस दुर्घटना में आकाश (27 वर्ष), निवासी गांव बिनामी, थाना अतरौली, जिला अलीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन से चार अन्य मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। भट्ठा मालिक ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही भट्ठा मालिक मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल बीके भिजवा दिया गया है। बाकी मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलते ही थाना छायंसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के असंतुलित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से पलटी ट्रॉली:अलीगढ़ के व्यक्ति की मौत; काम पर जा रहे कई मजदूर घायल
