यूपी में पारा 3°C, अगले तीन दिन बारिश के आसार:पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड और बढ़ेगी, गोरखपुर-लखनऊ में 20 से ज्यादा ट्रेनें घंटों लेट

Spread the love

यूपी में कड़ाके की ठंड जारी है। आज शुक्रवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, उन्नाव, अलीगढ़ सहित 35 जिलों में घना कोहरा छाया है। बर्फीली हवा की वजह से यूपी में रात का तापमान शिमला (7°C) और जम्मू (4.4°C) से भी नीचे पहुंच गया है। पूरे प्रदेश में तापमान 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान हरदोई सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 3°C रिकॉर्ड किया गया। रायबरेली में पारा 3.4°C, बरेली में 3.5°C और कानपुर नगर में 3.8°C और अलीगढ़ में 4°C दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने 18 जनवरी से बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज शुक्रवार को मौसम विभाग ने 31 जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दृश्यता 50-100 मीटर रहने का अनुमान मौसम विभाग ने पहले ही जताया है। वहीं, 23 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सुबह हल्की धुंध का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- पश्चिम की तरफ से आने वाली हवाओं के चलते आने वाले 5 से 6 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री तक कम हो सकता है। 19 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदा-बांदी के साथ छिटपुट बारिश भी हो सकती है। अब आज शहरों का हाल जानिए- गोरखपुर : गोरखपुर में हल्का कोहरा और कड़ाके की ठंड देखने को मिली। गलन इतनी रही कि लोग अलाव और मोटे ऊनी कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। चौक-चौराहों पर अलाव जलते दिखे। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 2–3 दिनों तक और घने कोहरे की चेतावनी दी है। आज अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कोहरे के कारण 22 ट्रेनें 2 से 15 घंटे तक लेट चल रही हैं। अलीगढ़ : अलीगढ़ में घना कोहरा छाया है। सुबह विजिबिलिटी महज 10 मीटर रिकॉर्ड की गई। 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शीतलहर ने ठिठुरन और बढ़ा दी। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा की गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है, AQI 207 दर्ज किया गया। कानपुर : कहीं घना तो कहीं कम कोहरा रहा। गलन भरी सर्दी से लोगों की कंपकपी छूटी है। सुबह से ही ठंडी हवा ने सड़कों पर चल रहे लोगों को बेहाल कर दिया। पिछले छह दिनों की तुलना में शुक्रवार सुबह विजिबिलिटी कम रही। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड अभी कुछ दिन और सताएगी, वहीं अगले सप्ताह बारिश की भी संभावना जताई गई है। सहारनपुर : सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी शून्य रही। कोहरा अधिक होने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। AQI 360 है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मेरठ: सुबह घना कोहरा रहा। दृश्यता करीब 50 मीटर होने से सड़क पर वाहन चालकों को दिक्कत हुई। न्यूनतम 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। आज दिन में धूप निकलने का अनुमान है। आगरा : कोहरा तो नहीं पड़ा, लेकिन बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस रहा। शीतलहर के चलते लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। कोहरे की वजह से नई दिल्ली–खजुराहो वंदे भारत और नई दिल्ली–भोपाल शताब्दी समेत कई ट्रेनें लेट रहीं। शुक्रवार सुबह AQI 322 दर्ज हुआ, जो पुअर श्रेणी में है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 जनवरी को कोहरा और 18–19 जनवरी को बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार को कोहरे से 4 भीषण हादसे हुए, 1 की मौत
गुरुवार सुबह आगरा, बरेली, गाजियाबाद, गोंडा, हाथरस, संभल समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई। कोहरे के चलते 4 भीषण हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। पहला हादसा मेरठ में हुआ। यहां देर रात दो कारें टकरा गईं। हादसे में कार ड्राइवर को चोटें आईं। दूसरा- संभल में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक जा घुसी। बाइक सवार की मौत हो गई। तीसरा- कुशीनगर में 3 ट्रक आपस में भिड़ गए। चौथा- बिजनौर में बस सड़क किनारे गड्‌ढे में गिर गई। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए। अगले तीन दिन मौसम कैसा रहेगा, जानिए यूपी में कोहरे की मार; जानिए कैसे बनता है कोहरा ————————————- मौसम से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए- क्या ठंड में मोजा पहनकर सोना सही: बॉडी रहती गर्म, नहीं होते हॉट फ्लैशेज, डॉक्टर से जानें किन्हें नहीं पहनना चाहिए? कई बार ऐसा होता है कि रात में सोते समय अचानक नींद टूट जाती है। स्लीप एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसके पीछे एक कारण कोल्ड फीट भी हो सकता है। कोल्ड फीट यानी पैरों का अचानक बहुत ठंडा हो जाना। सर्दियों के मौसम में कोल्ड फीट से बचने का सबसे आसान तरीका है, रात में मोजे पहनकर सोना। लेकिन सवाल ये है कि क्या ये हेल्दी प्रैक्टिस है? क्या मोजा पहनकर सोने का कोई साइड इफेक्ट भी हो सकता है? इन्हीं सवालों का जवाब जानेंगे आज जरूरत की खबर में। क्लिक कर पढ़िए-