भारत-न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में होगा निर्णायक मुकाबला:18 जनवरी को होलकर स्टेडियम में भिड़ेंगे दोनों टीमों के खिलाड़ी

Spread the love

भारत और न्यूजीलैंड की टीमें गुरुवार को इंदौर पहुंच गईं। एयरपोर्ट पर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज और कोच गौतम गंभीर सबसे पहले नजर आए। सभी खिलाड़ी एयरपोर्ट से सीधे होटल रवाना हुए। दोनों टीमों के लिए अलग-अलग बसों की व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट और होटल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर आने-जाने वाले की जांच की जा रही है। इंदौर में दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला खेलेंगी। यह मैच 18 जनवरी को होलकर स्टेडियम में होगा। शाम के सत्र में कुछ खिलाड़ी अभ्यास के लिए स्टेडियम पहुंच सकते हैं, जबकि अगले दो दिन दोनों टीमें दोपहर और शाम के सत्र में ऑफिशियल प्रैक्टिस करेंगी। देखिए तस्वीरें होलकर में अब तक 7 वनडे, सभी में भारत जीता
26 हजार दर्शक क्षमता वाले होलकर स्टेडियम में अब तक 7 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं और सभी में भारत को जीत मिली है। यहां पिछला वनडे मैच 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी। मैच के दिन मौसम साफ रहेगा, धूप खिली रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन इंदौर में मौसम साफ रहेगा। पूरे दिन धूप खिली रहेगी और तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच, ओस बनेगी मददगार
होलकर स्टेडियम के चीफ पिच क्यूरेटर मनोहर जामले के मुताबिक, पिच काली मिट्टी से तैयार की गई है और यह बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रहेगी। ठंड के चलते ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर होगी। दैनिक भास्कर पर भी मैच के लाइव अपडेट्स उपलब्ध रहेंगे। अभी एक-एक की बराबरी पर सीरीज
सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत ने पहला मैच 4 विकेट से जीता था, जबकि दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज बराबर कर ली। इंदौर में होने वाला यह मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा। भारत में न्यूजीलैंड का वनडे रिकॉर्ड कमजोर रहा है। होलकर स्टेडियम में भारत का अजेय रिकॉर्ड भारतीय टीम को बढ़त दिलाता नजर आ रहा है। तस्वीरों में देखिए इंदौर में टीम इंडिया… भारत में न्यूजीलैंड का वनडे परफॉर्मेंस सबसे कमजोर
भारत ने सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 121 वनडे खेले गए। 63 में भारत और 50 में न्यूजीलैंड को जीत मिली। 7 बेनतीजा रहे, वहीं 2014 में एक मैच टाई रहा। भारत में कम से कम 20 वनडे मैच खेलने वाली विदेशी टीमों में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड सबसे खराब है। न्यूजीलैंड ने भारत में अब तक 41 में से सिर्फ 8 वनडे मैच जीते हैं, जबकि 32 मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी है। जबकि एक मुकाबला बेनतीजा भी रहा। ……………………………………………….. ये खबर भी पढ़ें… 18 जनवरी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की तैयारियां जोरों पर इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मैच देखने आने वाले हजारों दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है। दर्शक अपने वाहनों की पार्किंग एसजीएसआईटीएस परिसर के मैदान और बाल विनय मंदिर परिसर में कर सकेंगे। इन पार्किंग स्थलों पर मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) की ओर से समतलीकरण, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, बैनर, दिशा सूचक फ्लेक्स और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। पूरी खबर पढ़ें