VIDEO-इंदौर-रीवा बस में चलते-चलते लगी आग, जलकर खाक:रायसेन में जलती गाड़ी के आगे ट्रक ड्राइवर ने ट्रक खड़ा कर रुकवाया; 50 यात्री सवार थे

Spread the love

रायसेन जिले के बम्हौरी ढाबे के पास मंगलवार रात इंदौर से रीवा जा रही चलती बस में आग लग गई। पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने बस के टायर में आग लगने का इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी। बाद में ट्रक को बस के आगे लगाकर जबरन रुकवाया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना देर रात करीब 1.30 बजे की है। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटने के बाद उसमें आग भड़की। इसके बाद इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में बस जलकर राख हो गई। बस का डीजल सड़क पर फैलने से वहां भी आग लग गई। वीडियो भी सामने आया है। देखिए हादसे की 2 तस्वीरें… ढाबे के कर्मचारियों की मदद से बची जान
आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। ढाबे के कर्मचारियों और बस स्टाफ की मदद से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ट्रक चालक ने टायर में आग लगने का इशारा किया
जय भवानी ट्रेवल्स की बस में करीब 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने बस के टायर में आग लगने का इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी। बाद में ट्रक को बस के आगे लगाकर जबरन रुकवाया गया। तब तक टायर पूरी तरह जल चुका था। ड्राइवर-क्लीनर फरार, बस समेत सामान खाक
बस रुकते ही अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। ढाबा संचालक बंटी खालसा और उनके कर्मचारियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई और यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर मौके से भाग निकले। देर रात तक यात्री सड़क पर फंसे रहे, लेकिन बस कंपनी की ओर से ऑप्शनल बस की कोई व्यवस्था नहीं की गई। फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस में इंदौर का एक परिवार भी सवार था, जो 12 जनवरी को मांझे से गर्दन कटने से मृत रघुवीर धाकड़ की अस्थियां प्रयागराज ले जा रहा था। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर में शुक्ला ब्रदर्स की बस में लगी आग इंदौर के पटेल ब्रिज के नीचे बुधवार सुबह विधायक गोलू शुक्ला की बस में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया।​​​​​​​ पढ़ें पूरी खबर…