हरियाणा के फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र के सरूरपुर इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में घर के अंदर दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनका पांच साल का मासूम बच्चा शामिल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बता दे कि परिवार रात के समय ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर अलाव जलाकर सो गया था। बंद कमरे में अलाव का धुआं भरने से तीनों का दम घुट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह से लेकर पूरे दिन तक जब परिवार के सदस्य कमरे से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर तीनों के शव पड़े मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फरीदाबाद में दम घुटने से पति-पत्नी और बच्चे की मौत:बंद कमरे में जलाया अलाव, दिनभर नहीं निकले बाहर, पड़ोसी को हुआ शक
