इंदौर में घर-घर पहुंच रहा गंदा पानी, कई जगह लीकेज:महिला बोली- हम भी मर जाएंगे; 6 वार्डों से 10 रिपोर्टर दे रहे LIVE अपडेट

Spread the love

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी है। वहीं, मंगलवार को फिर से वाटर सप्लाई शुरू हुई। इस दौरान शहर के 6 वार्डों में मौजूद 10 भास्कर रिपोर्टर मौजूद हैं, जहां अधिकांश कॉलोनियों में 5 से 7 मिनट तक गंदा पानी ही सप्लाई हुआ। इसकी वजह कई जगह लीकेज की बात सामने आई। दरअसल, भागीरथपुरा में पानी की सप्लाई उपयोग करने के लिए नहीं बल्कि लीकेज चेक करने के लिए की जा रही है। साथ ही इस पानी सैंपलिंग की गई। इन सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। इधर, वार्ड 56 में रहने वाली रजनी वर्मा का कहना है कि ढाई महीने से पूरे इलाके में गंदा पानी आ रहा है। कई बाद पार्षद के पास जा चुके हैं। भागीरथपुरा कांड तो बाद में हुआ, हम पहले मर जाते। हमारे यहां टैंकर भी नहीं आते। दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। बता दें, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से अब तक 23 मौत हो चुकी है। अभी 39 मरीज एडमिट हैं, जिनमें से 10 आईसीयू में हैं। इनमें भी तीन वेंटिलेटर पर हैं। लगातार हो रही मौतों को लेकर अभी भी क्षेत्र में दहशत है।