फरीदाबाद में निगम कर्मियों को बंधक बनाकर पीटा:बिजली चोरी रोकने पहुंची थी टीम, सरकारी गाड़ी छीनी, पुलिस ने छुड़ाया

Spread the love

फरीदाबाद जिले के गांव आलमपुर में बिजली चोरी को रोकना जेई और लाइनमैनों को भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने सभी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर डाली। हद तो तब हो गई, जब उनकी सरकारी गाड़ी छीन ली और मोबाइल से सभी बिजली चोरी के सारे सबूत डिलीट कर दिए। जिसके बाद सूचना पाकर पहुंच डायल 112 की टीम ने उनको वहां से छुड़वाया। पुलिस ने तीन नामजद सहित 50 के खिलाफ मामल दर्ज कर लिया है। धौज पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। बिजली चोरी की मिली थी सूचना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को बिजली विभाग के अधिकारी जेई रजत जाखड़, सतनाम चंद, सहायक लाइनमैन विक्रम सिंह, रवीन कुमार, प्रवीन, तारीफ और ड्राइवर जोगिन्द्र बिजली चोरी की सूचना मिलने पर गांव आलमपुर में पहुंचे थे। विभाग की टीम गांव में बिजली चोरी की तलाश कर रही थी। टीम ने बिजली चोरी कर रहे एक युवक और उसके मकान की वीडियोग्राफी की। कॉल करके लोगों को बुलाया इसी दौरान वहां पर जावेद नाम का व्यक्ति पहुंच गया और कॉल करके 50 से 60 लोगों को बुला लिया। जिसके बाद टीम के साथ लोगों ने हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी टीम को बंदी बना लिया। जब लाइनमैन ने उनका विरोध किया, तो उसका मोबाइल छीनकर बिजली चोरी के वीडियो डिलीट कर दिए। डायल 112 की टीम ने छुड़ाया बिजली विभाग की टीम ने किसी तरह से डायल 112 की टीम को सूचना दी। जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराकर उनके चंगुल से टीम को बाहर निकाला। जिसके बाद बिजली विभाग की टीम ने मामले की शिकायत धौज थाना पुलिस को दी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस बिजली विभाग की टीम ने पुलिस को बताया कि जावेद, शकलीन और फारुख ने लोगों को उनके साथ मारपीट करने के लिए उकसाया। पुलिस जांच अधिकारी संजय कुमार के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।