सीएम बोले-कांग्रेस ने नरेगा पर झूठ बोलने का अभियान चलाया:जीतू पटवारी बोले- मोहन यादव फर्जी किसान पुत्र, अपना काम तो ठीक से कर नहीं पा रहे

Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने नरेगा के नाम पर देशभर में झूठ फैलाने का अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए योजनाओं और महापुरुषों के नाम का दुरुपयोग किया है। मुख्यमंत्री यह बात भाजपा कार्यालय में आयोजित VB–G रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जिला टोली के सदस्य मौजूद रहे। इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि, मुख्यमंत्री अपना काम ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें आश्रम जाकर आत्मचिंतन करना चाहिए। इस तरह के बयान उनके व्यक्तित्व को गिराते हैं। पटवारी ने सीएम को फर्जी किसान पुत्र भी कहा है। उन्होंने कहा, कल मुख्यमंत्री ने 2026 किसान वर्ष के शुभारंभ के अवसर पर ट्रैक्टर चलाया और गाय के पास भी गए। लेकिन ट्रैक्टर चलाने वाला हर व्यक्ति किसान नहीं होता, वह ड्राइवर भी हो सकता है। कर्ज लेकर विज्ञापनों में फोटो देना बंद करें। विज्ञापन में खुद को किसान पुत्र बताने का दावा किया जा रहा है, जबकि यह सिर्फ किसान पुत्र का विज्ञापन है। मुख्यमंत्री फर्जी किसान पुत्र हैं। नरेगा के नाम पर भ्रम फैलाया सीएम ने कहा कि ग्रामीण रोजगार के नाम पर शुरू की गई योजना को चुनाव आते ही कांग्रेस ने महात्मा गांधी से जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है कि सत्ता और वोट के लिए महात्मा गांधी के नाम का राजनीतिक उपयोग किया जाता है। सीएम ने कहा, “नरेगा को महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर कांग्रेस ने देश में झूठ बोलने का अभियान चलाया। यह सच्चाई से कोसों दूर है और इसका जवाब जनता समय-समय पर देती रही है।” ‘नकली गांधी’ और राम पर सवाल मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “एक तो नकली गांधी बनकर राजनीति करो और ऊपर से भगवान राम को न मानो- फिर कहते हो लोकतंत्र चले। ये कैसे चलेगा?” उन्होंने कहा कि जब भगवान राम से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में चला, तब कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने राम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े किए। सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मुस्लिम पक्षकारों ने भी स्वीकार किया और भूमिपूजन में शामिल हुए, लेकिन कांग्रेस के नेता उस ऐतिहासिक क्षण से दूर रहे। VB–G रामजी अभियान का उद्देश्य मुख्यमंत्री ने बताया कि VB–G रामजी जनजागरण अभियान का उद्देश्य ग्रामोदय से अभ्युदय की सोच को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव, किसान, संस्कृति और मूल्यों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगा। सीएम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की “झूठ और भ्रम की राजनीति” को बेनकाब करें और सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। किसानों का वर्ष, गांवों पर फोकस सीएम ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार की प्राथमिकता गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ‘जय राम जी’ के मंत्र के साथ यह अभियान सामाजिक एकता और विकास की दिशा में नया अध्याय लिखेगा। ‘भोपाल नगर निगम भाजपा का, वहां गौमांस मिला’ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, भोपाल में नगर निगम भाजपा का है, जहां बड़ी मात्रा में गौमांस मिला। जब प्रदेश सरकार ने गौमांस पर टैक्स लगाया था, तब कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई थी। भाजपा गाय की हत्या भी करती है और उस पर शून्य% टैक्स भी लगाती है। गाय को लेकर जितनी मॉब लिंचिंग की राजनीति हो सकती थी, वह भाजपा ने की है। पटवारी ने आरोप लगाया कि विश्वास सारंग, गोविंद सिंह राजपूत सहित कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवहन विभाग में सौरभ शर्मा का मामला हो, इंदौर में दूषित पानी से बच्चे बीमार हुए हों, अस्पतालों में बच्चों को चूहे कुतर गए हों या छिंदवाड़ा के कफ सिरप मामले में मौतें हुई हों, किसी भी मामले में सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सबको अपनी लूट का हिस्सा मिल रहा है, भाजपा को भी और मंत्रियों को भी। ‘पहले शराब से मौतें होती थी, अब पानी से हो रही’ जिन्ना को लेकर पटवारी ने कहा कि, जिन्ना ने देश को तोड़ा था, कांग्रेस पार्टी उनका समर्थन नहीं करती और ऐसे लोगों का कोई सम्मान नहीं करती। पटवारी ने कहा कि इंदौर और भोपाल को स्मार्ट सिटी और स्वच्छ शहर का दर्जा मिला है, लेकिन हालात यह हैं कि दोनों शहरों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पहले जहरीली शराब से मौतें होती थीं, अब दूषित पानी से मौतें हो रही हैं। ‘मोहन यादव का इतिहास कमजोर,भूगोल मजबूत’ इधर, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मोहन यादव का इतिहास कमजोर है, जबकि भूगोल और जमीन के मामलों में वे मजबूत हैं। वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार भावनात्मक ब्लैकमेल करने के लिए राम के नाम का इस्तेमाल करती है और गांधी का नाम मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार के पास इतनी योजनाएं हैं तो उनके नाम राम के नाम पर रख दे, उन्हें राम के नाम से कोई आपत्ति नहीं है।