हिसार के ग्रामीण बैंक में 28 लाख की चोरी:पीछे की दीवार काटकर स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचे चोर, एक नकाबपोश CCTV में कैद हुआ

Spread the love

हरियाणा में हिसार के अग्रोहा स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में चोरी हुई है। बदमाशों ने बैंक की पीछे की दीवार काटकर रास्ता बनाया और स्ट्रॉन्ग रूम में रखी तिजोरी तक पहुंच गए। इसके बाद कटर से तिजोरी को काटकर इसमें से 27 लाख 92 हजार रुपए निकाल लिए और बड़ी आसानी से बैंक से बाहर निकल गए। चोरों ने बैंक के सीसीटीवी को भी नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, एक सीसीटीवी में एक बदमाश कैद हुआ है, जिसने नकाब पहना हुआ है और टोपी लगाई हुई है। शनिवार और रविवार को छुट्‌टी के बाद सोमवार को जब बैंक खुला तो कर्मचारियों पता चला कि बैंक में कोई घुसा है। इसके बाद बैंक मैनेजर को सूचना दी गई। मैनेजर ने आकर देखा तो पता चला चोरों ने दीवार काटकर अंदर घुसकर तिजोरी से कैश निकाला है। इसके बाद अग्रोहा पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना पाकर अग्रोहा डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे और सिरसा की डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया। दोपहर करीब तीन बजे टीम बैंक में पहुंची है। रविवार रात 12 के बाद की घटना
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे के बाद चोर सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की नंगथला शाखा में दीवार काटकर घुसे। सीसीटीवी में एक बदमाश बैंक के अंदर घुसता नजर भी आ रहा है, जिसने मुंह पर नकाब और सिर पर टोपी लगाई हुई है। पुलिस का कहना है कि इसमें एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 5 से 6 आदमियों का हाथ हो सकता है। डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिंगर एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर बुला ली गई है। आसपास के घरों या अन्य जगहों पर भी सीसीटीवी को देखा जा रहा है। तिजोरी में 50 हजार की गड्डी छोड़ गए चोर
गांव पाबड़ा के रहने वाले बैंक मैंनेजर अंकित कुंडू ने बताया कि चोर वारदात के बाद 50 हजार की गड्‌डी वहीं मौके पर ही छोड़ गए। शायद उनके हाथ इस तक नहीं पहुंच पाए। तिजोरी में 28 लाख से ज्यादा रुपए थे। चोरी करते समय डकैत 27 लाख 92 हजार रुपए निकाल कर ले गए हैं। मैनेजर ने बताया कि तिजोरी में 500, 200 और 100 के नोटों की गड्‌डी रखी हुई थी, जिन्हें चोर ले गए। छुट्टी के कारण 2 दिन बैंक बंद थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया है। सोमवार को जब बैंक खुला तो चोरी की इस घटना का पता चला। बैंक के साथ बने घर में परिवार को पता नहीं चला
बैंक के साथ बने घर में रह रहे परिवार में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों ने बताया कि रविवार रात को धुंध बहुत ज्यादा थी। कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। वे कमरे बंद कर सो रहे थे। बैंक में दीवार कैसे तोड़ी, इसके बारे में नहीं पता और न ही रात में उन्हें कुछ सुनाई दिया। पुलिस पड़ोसियों से लगातार पूछताछ कर रही है। वहां मौजूद किसान अजय ने बताया कि अभी हाल ही में चोरों ने उनके घर से 4 लाख रुपए कैश चोरी कर लिए थे। उनका भी आज तक पता नहीं चला।