करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में धूमसी गांव के टी-प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर जोहड़ में जा गिरी। हादसे के समय कार में केवल चालक सवार था, जिसकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। रात के समय क्षेत्र में घनी धुंध होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आई। अंधेरा और ठंड के चलते तलाशी अभियान रोकना पड़ा। सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई और कार को जोहड़ से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया और पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस में रखवाया। मृतक गढ़ी सादान गांव का मृतक की पहचान गढ़ी सादान गांव निवासी 32 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, अनिल अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल जा रहा था। वह पेशे से कार इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि घनी धुंध और फिसलन के कारण कार बेकाबू होकर जोहड़ में जा गिरी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आधी रात को गढ़ी जाटान की ओर से आ रही थी कार
ग्रामीण नायब सिंह, सतीश कुमार, श्रवण व अन्य ने बताया कि आधी रात के समय कार गढ़ी जाटान की तरफ से आ रही थी। धूमसी में टी-प्वाइंट पर कार सीधी मुड़ने की बजाय आगे बढ़ गई और जोहड़ में गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन अंधेरा और धुंध होने से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। रात में एसडीआरएफ भी पहुंची, पर रेस्क्यू टल गया
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। जोहड़ में पानी ज्यादा होने और धुंध छाई रहने के कारण तलाश में परेशानी आई। हालात को देखते हुए सुबह तक इंतजार करने का फैसला लिया गया, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके। सुबह हाइड्रा से बाहर निकाली गई कार
सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया। हाइड्रा मशीन की मदद से जोहड़ में सर्च कर कार को बाहर निकाला गया। कार के अंदर एक ही व्यक्ति मिला, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद टीमों ने यह भी सुनिश्चित किया कि गाड़ी में कोई और व्यक्ति तो मौजूद नहीं था। शव मेडिकल कॉलेज भेजा गया, पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपेंगे परिजन को
इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो चुकी है। शव को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
करनाल में धुंध में जोहड़ में गिरी कार:ड्राइवर की मौत; रात में नहीं हो सका रेस्क्यू, सुबह हाइड्रा से निकाली गई गाड़ी
