हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज शुक्रवार को झज्जर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। मनरेगा योजना का नाम बदले जाने को लेकर हुड्डा ने न केवल सरकार की नीयत पर सवाल उठाए, बल्कि शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा सीएम को इशारा किया बता तेरा माली कौन। हुड्डा ने कहा कि भाजपा की राजनीति सिर्फ नाम बदलने तक सीमित रह गई है। मनरेगा का नाम बदलकर सरकार ने केवल शब्द नहीं बदले, बल्कि योजना की मूल भावना और अधिकारों को भी कमजोर कर दिया है। उन्होंने इसे भाजपा की पुरानी फितरत करार देते हुए कहा कि हर योजना से कांग्रेस का नाम हटाना ही सरकार का एकमात्र एजेंडा बन गया है। पंचायतों के अधिकार खत्म करने की साजिश
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मंशा पंचायतों के अधिकार छीनने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा पूरी तरह रोजगार की गारंटी योजना थी, जिसमें पंचायतों को निर्णायक भूमिका मिली हुई थी। लेकिन अब केंद्र सरकार यह तय करेगी कि किसे काम मिलेगा और किसे नहीं, जिससे स्थानीय स्वायत्तता खत्म हो रही है। रामराज और ग्राम स्वराज पर दिया जवाब
भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस पर राम नाम से दिक्कत होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस को कभी राम नाम से कोई समस्या नहीं रही। उन्होंने कहा, “रामराज तब आएगा जब ग्राम स्वराज होगा, लेकिन भाजपा सरकार ने तो पंचायतों की ताकत ही छीन ली है।” हुड्डा ने कहा कि जब गांवों को मजबूत किया जाएगा, तभी सही मायनों में रामराज की कल्पना साकार हो सकती है। भाजपा बताए उसने कौन सा अच्छा काम किया : हुड्डा
भाजपा द्वारा विकास कार्यों के दावों पर पलटवार करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा बताए उसने प्रदेश के लिए कौन सा ठोस और जनहित का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बुजुर्गों और जरूरतमंदों की पेंशन तक खत्म कर दी, जिससे आम आदमी परेशान है। नाम बदलने की राजनीति, जमीन पर काम नहीं
हुड्डा ने कहा कि भाजपा केवल नाम बदलने की राजनीति करती है और लोगों को बहकाने का काम कर रही है। जमीन पर विकास कार्यों का अभाव है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार हरियाणा का चेयरमैन तक नियुक्त नहीं कर पाई है और लगभग हर विभाग में बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। हुड्डा के अनुसार भाजपा हरियाणा के युवाओं की बजाय बाहर के लोगों को तवज्जो दे रही है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में हालात बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि सरेआम फिरौती मांगी जा रही है, लूटपाट हो रही है और हत्याएं की जा रही हैं।
हुड्डा ने अपराध की स्थिति को लेकर कहा कि अपराध 2 तरह के होते हैं रिकॉनाइज्ड और अनरिकॉनाइज्ड। आज हरियाणा में खुलेआम अपराध हो रहे हैं और गैंग स्वयं सामने आकर स्वीकार कर रही हैं कि उन्होंने वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 50 गैंग सक्रिय हैं और सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। भाजपा सरकार विफल : हुड्डा
अंत में हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है चाहे वह रोजगार हो, पंचायतों के अधिकार हों या कानून व्यवस्था। प्रदेश की जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को इसका जवाब मिलेगा।
झज्जर में भूपेंद्र हुड्डा का भाजपा पर तंज:बोले-सरकार ने तो पंचायतों की ताकत ही छीन ली, जरूरतमंदों की पेंशन खत्म कर दी
