सतना में यूपी के युवक की धारदार हथियार से हत्या:शव चादर से ढंका मिला, परिवार बोला– पत्थर से गिरे; पुलिस को हत्या की आशंका

Spread the love

सतना की नई बस्ती में एक 40 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पिन्टू उपाध्याय के रूप में हुई, जो मूल रूप से बांदा (यूपी) के बदौसा थाना क्षेत्र के निवासी था और वर्तमान में नई बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर पिन्टू की पत्नी रश्मी कुशवाहा से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के समय घर पर पत्नी के अलावा कोई नहीं था। यह घटना तब सामने आई जब कोलगवां पुलिस को जिला अस्पताल से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। बाद में, गुरुवार सुबह मृतक के बेटे ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटे ने बताया कि 7 जनवरी की शाम करीब 7 बजे वह अपने दोस्त के घर गया था। रात करीब 12 बजे जब वह वापस लौटा, तो उसने अपने पिता पिन्टू उपाध्याय को आंगन में गेट के पास चादर से ढंका हुआ पाया। उनके सिर और चेहरे से काफी खून बह रहा था और वह बोलने की स्थिति में नहीं थे। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत ऑटो से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर निशान
घटना के बाद, पत्नी रश्मी कुशवाहा और बेटों ने पुलिस को बताया कि पिन्टू की मौत पत्थर से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, पिन्टू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए पुलिस को यह मामला संदिग्ध लगा। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिवार में पिन्टू, उनकी पत्नी रश्मी, बेटा सूरज और पिन्टू की मां तुलसी देवी एक साथ रहते थे। घटना के समय 6 जनवरी को तुलसी देवी अपनी बहन के घर गई हुई थीं। जानकारी के अनुसार, रश्मी कुशवाहा की यह दूसरी शादी थी; उनके पहले पति संतोष की मौत हो चुकी थी। पिंटू के दाहिने कान के ऊपर धारदार हथियार से वार का घाव मिला। सिर व आंख में भी चोट के गंभीर निशान मिले। उसके गले में मिले नाखून के निशान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि मरने से पहले उसने संघर्ष किया होगा। पुलिस ने मृतक का कमरा सील कर दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव पंचनामा कार्रवाई के बाद गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम कराया गया। फिलहाल मृतक की पत्नी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और लोग पारिवारिक विवाद की आशंका भी जता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक पिंटू अनाज मंडी में काम करता था।