यमुनानगर में देर रात कूपों में लगी आग:लपटें देख घटनास्थल की ओर भागे ग्रामीण, आगजनी से लाखों का नुकसान

Spread the love

यमुनानगर जिले के बनियावाला गांव में छान व कूपों में बीती रात अचानक से भयंकर आग लगने से हडकंप मच गया। भड़कती आग पर काबू पाने के लिए पूरा गांव मौके पर पहुंच गया। आग इतनी भयानक थी 10 से 15 कूपों व छानों को जलाकर राख कर दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद पर आग पर काबू पाया। हादसा रात को 10 बजे के करीब हुआ है, जिसका कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी शरारती तत्वों का काम भी हाे सकता है। आगजनी से लाखों रूपए का नुकसान हुआ है। लपटों को देखकर घटनास्थल की ओर भागे ग्रामीण ग्रामीण रामकुमार ने बताया कि रात को वह अपने घर पर खाना खाने के बाद लेट गए थे, तभी बाहर ने कुछ आवाजें सुनाई दीं। बाहर निकलकर देखा, तो गांव के बाहर से आग की लपटें उठती नजर आ रही थीं और काफी ग्रामीण उस तरफ भाग रहे थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां पर बनी10 से 15 कूपों में भयंकर आग लगी हुई थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी फैली हुई थी उसे बुझाना मुश्किल था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोई जान का नुकसान नहीं ग्रामीण राम चंद ने बताया कि आग लगातार आगे बढ़ती जा रही थी। इस आगजनी से जान का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपए का भूसा जलकर राख हो गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। फिलहाल शक है कि यह काम किसी शरारती तत्व का हो सकता है। देर रात तक ग्रामीण घटनास्थल पर डटे रहे।