कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल गिरफ्तार:हरियाणा STF ने दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा; भाऊ गैंग का मेंबर, मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग की थी

Spread the love

हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। अमन भैंसवाल के खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गोहाना में फेमस मातू राम की जलेबी की दुकान पर फायरिंग व रंगदारी केस में भी इसका नाम जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, अमन भैंसवाल को विदेश से डिपोर्ट किया गया। सोमवार तड़के उसकी फ्लाइट दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई, जहां हरियाणा STF की टीम पहले से मौजूद थी। फ्लाइट के लैंड करते ही टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले
अमन भैंसवाल हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कई संगीन मामलों में वांछित था। उस पर हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगवार जैसे कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था और वहीं से अपने गैंग को संचालित कर रहा था। हरियाणा STF के लिए यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अमन भैंसवाल से पूछताछ के बाद कई अन्य गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के बारे में अहम खुलासे होने की संभावना है। आगे की कार्रवाई जारी
STF टीम अमन भैंसवाल को दिल्ली से हरियाणा लेकर जाएगी, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़ी आगे की कार्रवाई और खुलासे जल्द किए जाएंगे। यहां पढ़िए, मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग की घटना… बाइक सवार आए बदमाशों ने की थी फायरिंग
जानकारी अनुसार गोहाना में पुरानी अनाज मंडी के पास मातू राम हलवाई की दुकान है। दो साल पहले यहां आम दिनों की तरह कामकाज चल रहा था। हलवाई जलेबी व अन्य मिठाई बना रहे थे। इसी बीच बाइक पर सवार होकर बदमाश यहां पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। मौके पर हड़कंप मच गया। इसके मालिक और अन्य कारिंदे छिप गए। इसी बीच दुकान पर पहुंचा दूधिया गोली लगने से घायल हो गया। माहरा गांव के बिजेंद्र को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया। गोलियां लगने से बर्तन भी छलनी हो गए। मालिक बोले- बदमाशों ने आते ही गोली चलाई
दुकान के मालिक नीरज ने बताया कि हम सुबह काम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश आ गए। गोलियां चलानी शुरू कर दी। दूध वाले विजेंद्र को गोली लगी है। मौके से एक पर्ची मिली है। जो कि पुलिस वालों के पास है। चारों तरफ गोलियों के खोल बिखरे हुए हैं। कर्मचारी बोला- बाइक पर आते ही फायरिंग शुरू कर दी
मातू राम हलवाई की दुकान पर काम करने वाले संदीप ने बताया कि बदमाश बाइक से उतरे और उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक साथ 15-20 फायर हुए। गोली चलते ही हम तो छुप गए थे। यहां पर्ची फेंककर गए हैं। फायर हमारी तरफ किए गए। शीशा तोड़ दिया, गेट में भी गोली लगी हैं। महिला थाने के पास वारदात
गोहाना में मातू हलवाई की दुकान महिला थाना के पास है। सिटी थाना व सदर थाना भी करीब आधा किलोमीटर दूर हैं। बदमाशों को पुलिस का कोई भय नहीं था ओर उन्होंने दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और मौके से भाग गए। पुलिस को दुकान के पास से गोलियों के 30 से ज्यादा खोल मिले हैं। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच कर छानबीन में लगी हैं। 7 साल पहले भी ऐसी वारदात हो चुकी
गोलियां चलाने के बाद बदमाश दुकान पर एक पर्चा फेंक गया है। इसमें दुकान के मालिक से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। 7 साल पहले भी इस प्रकार की वारदात हो चुकी है। इसमें बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया था। जुलाई 2017 में भी मांगी थी 50 लाख रंगदारी
मातू राम हलवाई की दुकान पर करीब 6 साल पहले भी फायरिंग की गई थी। 13 जुलाई 2017 को मातू राम के साथ एक अन्य दुकान पर गोलियां चलाई गई थी। तब दोनों व्यापारियों से 50-50 लाख रुपए रंगदारी मांगी गई थी। हालांकि उस समय पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था और मामला निपट गया था।