गुरुग्राम में आयोजित प्री बजट सेशन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन 2047 के मद्देनजर एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को राज्य के बजट निर्माण प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल पर हरियाणवी, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में अपने सुझाव दिए जा सकते हैं। जिससे समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। यह प्लेटफॉर्म हमारी पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता और सहभागी शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक, विशेषज्ञ और हितधारक सीधे सरकार से जुड़ सकेंगे। अपने व्यावहारिक सुझाव सांझा कर सकेंगे और बजट निर्माण की प्रक्रिया को अधिक खुला, निरंतर और संवाद से परिपूर्ण बना सकेंगे। उद्यमियों ने दिए सुझाव मुख्यमंत्री ने हरियाणा विजन 2047 रोडमैप के ध्येय के साथ वित्त वर्ष 2026- 27 के लिए इंडस्ट्री, हेल्थ, आईटी और एजुकेशन सेक्टर से संबंधित हितधारकों के साथ आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक (प्री बजट कंसलटेशन) में हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उद्योग जगत एवं मैन्यूफैक्चरिंग इकाइयों से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने आगामी बजट के लिए अपने सुझाव रखे। सोवाका लैब का उद्घाटन इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोवाका लैब का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति से न केवल उसके परिवार बल्कि समाज का भी विकास होता है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज, मजबूत अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव रखते हैं। हरियाणा सरकार ने इसी सोच के साथ आधुनिक जांच और उपचार सुविधाओं को आमजन तक सुलभ बनाया है और प्रदेश में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत सीटी स्कैन, एमआरआई, हैमो डायलिसिस और कैथ लैब जैसी उन्नत सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मेडिकल व हेल्थ हब बन रहा गुरुग्राम मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गुरुग्राम तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मेडिकल और हेल्थ हब के रूप में गुरुग्राम की अपनी विशिष्ट पहचान बन रही है और सेहत सुरक्षा की दिशा में आज एक और मील का पत्थर इस लैब के रूप में स्थापित होने से मजबूत सुरक्षा चक्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह लैब हेल्थ क्षेत्र में सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाएगी। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी विशेष सुविधाएं देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कल अपैरल हाउस में होगा दूसरा दिन का कार्यक्रम कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 7 जनवरी को सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में बैठक होगी। प्रातः सत्र में उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा। इसके बाद के सत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वकील, आर्किटेक्ट्स, पर्यावरण और श्रम सहित विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
गुरुग्राम में प्री बजट मंथन में पहुंचे CM नायब सैनी:AI आधारित बजट जनभागीदारी पोर्टल लॉन्च, हरियाणवीं में सुझाव दें सकेंगे आम लोग
